बेजुबान की मौत पर फूटा लोगों का गुस्सा! गरिया नवपल्ली में कुत्ते को मारने वाले युवक को पुलिस ने दबोचा

कोलकाता के पास नरेंद्रपुर थाना क्षेत्र के गरिया नवपल्ली में एक बेजुबान जानवर के साथ हुई क्रूरता ने सबको झकझोर कर रख दिया है। एक स्ट्रीट डॉग (गली के कुत्ते) को पत्थर से कुचलकर मारने के आरोप में स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। निवासियों की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने सुरजीत मंडल नामक युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
क्या है मामला? बताया जा रहा है कि आरोपी सुरजीत मंडल पेशे से आइसक्रीम बेचने वाला है और उसने घर में कुछ मुर्गियां पाल रखी हैं। आरोप है कि इलाके का एक कुत्ता अक्सर उसकी मुर्गियों को देखकर उन पर झपटता था। इसी बात से नाराज होकर सुरजीत ने कुत्ते को रास्ते में पकड़ा और भारी पत्थर से उसके सिर पर वार कर उसे मार डाला।
पुलिस की कार्रवाई: मृत कुत्ता इलाके के लोगों का प्रिय था और लोग उसे खाना खिलाते थे। इस घटना के बाद गुस्साए लोगों ने नरेंद्रपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सुरजीत को गिरफ्तार कर लिया है। पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।