जयपुर के RJ-21 कैफे में ताबड़तोड़ फायरिंग! मालिक को धमकी देने पहुंचे बदमाशों ने फैलाई दहशत

जयपुर के शिप्रापथ इलाके में सोमवार शाम उस वक्त हड़कंप मच गया, जब मानसरोवर स्थित ‘RJ-21’ कैफे पर हथियारबंद बदमाशों ने फायरिंग कर दी। सेंट विल्फ्रेड कॉलेज के पास स्थित इस कैफे में शाम करीब 7:50 बजे एक स्विफ्ट कार से चार बदमाश पहुंचे और कैफे मालिक ऋत्विक निथरवाल को डराने के उद्देश्य से गोलियां चलाईं। गनीमत रही कि इस हमले में कोई घायल नहीं हुआ, लेकिन अचानक हुई फायरिंग से ग्राहकों और स्थानीय लोगों में भगदड़ मच गई।
शुरुआती जांच में सामने आया है कि यह विवाद रेंट-ए-कार बिजनेस और पैसों के लेनदेन से जुड़ा है। कैफे मालिक और हमलावर पहले साथ में गाड़ी किराए का काम करते थे। पुलिस के मुताबिक, रंगदारी और वित्तीय विवाद के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया है। डीसीपी साउथ राजर्षि राज ने बताया कि मुख्य आरोपी अशोक यादव और उसके साथियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की टीमें सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल लोकेशन के आधार पर आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही हैं।