सूट-बूट में ‘छोटे सरकार’ की एंट्री! शपथ लेते ही नीतीश कुमार के छुए पैर, देखते रह गए विधायक

मोकामा के ‘सरकार’ यानी बाहुबली नेता अनंत सिंह आज एक अलग ही रंग में नजर आए। बेऊर जेल से एंबुलेंस में सवार होकर वह सीधे बिहार विधानसभा पहुंचे। अक्सर सफेद कुर्ता-पायजामा में दिखने वाले अनंत सिंह आज ‘सूट-बूट’ में सज-धजकर पहुंचे थे। चेहरे पर मुस्कान और चाल में वही पुराना रसूख देखकर हर कोई दंग था।

बिना कागज पढ़े एक सांस में ली शपथ: विधानसभा में जब शपथ के लिए अनंत सिंह का नाम पुकारा गया, तो वह दृश्य देखने लायक था। उन्होंने बिना किसी कागज की मदद लिए, जुबानी तौर पर एक ही सांस में अपनी पूरी शपथ पढ़ डाली। सदन में मौजूद सदस्य उनकी याददाश्त और इस बेबाक अंदाज को देखकर हैरान थे। शपथ लेने के बाद उन्होंने फुर्ती से आसन की ओर बढ़कर स्पीकर का अभिवादन किया।

नीतीश के सामने ‘भक्त’ की मुद्रा: शपथ ग्रहण के तुरंत बाद अनंत सिंह तेजी से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की ओर बढ़े और झुककर उनके पैर छुए। नीतीश कुमार ने भी मुस्कुराते हुए उनसे कुछ बात की। उस वक्त बाहुबली नेता पूरी तरह से एक भक्त की मुद्रा में हाथ जोड़कर खड़े रहे। सत्ता के गलियारों में नीतीश और अनंत की यह केमिस्ट्री चर्चा का विषय बन गई है।

तेजस्वी पर साधा निशाना: विधानसभा से बाहर निकलते ही अनंत सिंह फिर से अपने पुराने तेवर में लौट आए। राजद नेता तेजस्वी यादव पर प्रहार करते हुए उन्होंने कहा कि अगली बार तेजस्वी को किसी और पार्टी से टिकट मांगना पड़ेगा, विपक्ष के पास कोई काम नहीं बचा है। इस हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद उन्हें वापस पुलिस सुरक्षा में बेऊर जेल ले जाया गया।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *