अमृत उद्यान जाने का है प्लान? घर बैठे ऐसे बुक करें फ्री टिकट, जानें सबसे आसान मेट्रो रूट

राष्ट्रपति भवन स्थित ऐतिहासिक ‘अमृत उद्यान’ (पूर्व में मुगल गार्डन) एक बार फिर पर्यटकों के स्वागत के लिए तैयार है। 1 फरवरी 2026 को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा इसके विंटर एडिशन का उद्घाटन किया गया। 3 फरवरी से 31 मार्च 2026 तक आम जनता रंग-बिरंगे फूलों और ‘बबलिंग ब्रुक’ जैसे विशेष आकर्षणों का आनंद ले सकेगी।
टाइमिंग और छुट्टियां: अमृत उद्यान सप्ताह में 6 दिन खुला रहेगा। हर सोमवार को रखरखाव के कारण यह बंद रहता है। इसके अतिरिक्त, 4 मार्च को होली के अवसर पर भी पर्यटकों के लिए प्रवेश बंद रहेगा। उद्यान सुबह 10:00 बजे से शाम 6:00 बजे तक खुला रहेगा, लेकिन अंतिम प्रवेश केवल शाम 5:00 बजे तक ही मिलेगा।
टिकट बुकिंग की जानकारी: अमृत उद्यान में प्रवेश पूरी तरह से मुफ्त है, लेकिन इसके लिए आपको पहले से ऑनलाइन स्लॉट बुक करना होगा।
- वेबसाइट: बुकिंग केवल visit.rashtrapatibhavan.gov.in पर ही की जा सकती है।
- नियम: जिस दिन आप जाना चाहते हैं, उसके एक दिन पहले सुबह 10 बजे तक ऑनलाइन स्लॉट बुक करना अनिवार्य है। ऑन-स्पॉट टिकट की कोई सुविधा नहीं है।
कैसे पहुंचें? (मेट्रो और शटल बस): अमृत उद्यान पहुंचने के लिए सबसे नजदीकी मेट्रो स्टेशन ‘केंद्रीय सचिवालय’ (Central Secretariat) है। पर्यटकों की सुविधा के लिए मेट्रो गेट नंबर 4 से राष्ट्रपति भवन के गेट नंबर 35 तक मुफ्त शटल बस सेवा उपलब्ध कराई गई है। यह बस सेवा सुबह 9:30 से शाम 4:00 बजे तक हर आधे घंटे में मिलेगी।
क्या ले जाएं और क्या नहीं? सुरक्षा कारणों से बड़े बैग, कैमरा, ब्रीफकेस और खाने-पीने का सामान अंदर ले जाना वर्जित है। हालांकि, आप अपना मोबाइल फोन और पारदर्शी पानी की बोतल साथ ले जा सकते हैं। इस साल ‘बबलिंग ब्रुक’, बोंसाई गार्डन और बाल वाटिका मुख्य आकर्षण के केंद्र हैं।