शेयर बाजार में महा-तूफान! निवेशकों ने एक झटके में कमाए 20 लाख करोड़, रॉकेट बने अदाणी के शेयर

मंगलवार की सुबह भारतीय शेयर बाजार के लिए दिवाली जैसी खुशियां लेकर आई। भारत और अमेरिका के बीच ऐतिहासिक ट्रेड डील पर सहमति बनते ही दलाल स्ट्रीट में ‘बुल रन’ शुरू हो गया। बाजार खुलते ही निवेशकों की संपत्ति में करीब 20 लाख करोड़ रुपये का जबरदस्त इजाफा हुआ। अमेरिकी बाजार द्वारा ‘मेड इन इंडिया’ उत्पादों पर टैरिफ घटाकर 18% करने के फैसले ने भारतीय बाजार में जान फूंक दी है।
बाजार में ऐतिहासिक उछाल: प्री-ओपनिंग सेशन में ही सेंसेक्स ने 3,800 अंकों की रिकॉर्ड छलांग लगाई, वहीं निफ्टी में भी 1,500 अंकों का उछाल देखा गया। सोमवार को बाजार बंद होने पर बीएसई (BSE) का मार्केट कैप 455 लाख करोड़ रुपये था, जो मंगलवार सुबह बढ़कर 474 लाख करोड़ रुपये के पार पहुंच गया। सुबह करीब 9:31 बजे सेंसेक्स 2,254 अंकों की बढ़त के साथ 83,920.51 पर ट्रेड कर रहा था।
अदाणी ग्रुप के शेयरों में धमाका: इस तेजी के सबसे बड़े हीरो अदाणी ग्रुप के शेयर रहे। अदाणी एंटरप्राइजेज के शेयर में 10% तक का उछाल देखा गया और यह अपर सर्किट के करीब पहुंच गया। इसके अलावा बजाज फाइनेंस (6.50%), बजाज फिनसर्व (4.31%), महिंद्रा एंड महिंद्रा (3.95%) और इंफोसिस (3.50%) जैसे दिग्गज शेयरों में भी जोरदार खरीदारी देखी गई।
बल्ले-बल्ले हुए निवेशक: बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि भारत-अमेरिका के बीच मजबूत होते व्यापारिक रिश्तों का यह तो बस ट्रेलर है। टैरिफ कम होने से भारतीय एक्सपोर्टर्स को सीधा फायदा होगा, जिससे आने वाले दिनों में मार्केट और नई ऊंचाइयों को छू सकता है। फिलहाल, इस तेजी ने करोड़ों निवेशकों की झोली भर दी है।