मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाने के लिए राहुल-ममता एक! क्या दिल्ली में गिरेगी ‘ज्ञानेश कुमार’ पर गाज?

नई दिल्ली के चाणक्यपुरी स्थित न्यू बंग भवन में आज मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के साथ चल रहे टकराव को अगले स्तर पर ले जाते हुए ममता बनर्जी ने राहुल गांधी के उस प्रस्ताव का समर्थन किया है, जिसमें भविष्य में वर्तमान मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की बात कही गई है।

ममता बनर्जी ने स्पष्ट किया कि वह राहुल गांधी के इस विचार से पूरी तरह सहमत हैं कि चुनाव आयोग की स्वायत्तता और निष्पक्षता पर सवाल उठाने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कानून होना चाहिए। उन्होंने कड़े शब्दों में कहा, “अगर हमारे पास लोकसभा और राज्यसभा में पर्याप्त संख्या होती, तो हम मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाकर उन्हें तुरंत पद से हटा देते।” मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग एकतरफा और ‘अहंकारी’ रवैया अपना रहा है।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने एसआईआर (SIR) प्रक्रिया के दौरान जान गंवाने वाले बीएलओ (BLO) का मुद्दा भी उठाया। ममता ने दावा किया कि काम के भारी दबाव के कारण कई बीएलओ की मौत हुई है और एक मृतक बीएलओ ने तो आत्महत्या से पहले आयोग के नाम एफआईआर तक दर्ज कराई थी। उन्होंने केंद्र सरकार से सवाल किया कि इन परिवारों को मुआवजा क्यों नहीं दिया जा रहा है? ममता ने चेतावनी दी कि अगर अंतिम मतदाता सूची में कोई भी गड़बड़ी पाई गई, तो वह चुप नहीं बैठेंगी और इसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेंगी। दिल्ली में ममता का यह आक्रामक रुख विपक्षी एकता को नई धार दे रहा है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *