चैंबर में घुसकर डॉक्टर की गर्दन पर कापा से वार! दादी की मौत का बदला लेने खून से लथपथ थाने पहुंचा पोता!

पश्चिम बंगाल के बर्धमान के बादामतला इलाके में मंगलवार सुबह एक दिल दहला देने वाली हत्या की घटना सामने आई है। पेशे से डॉक्टर राजा भौमिक (45) अपने चैंबर में मरीजों का इंतजार कर रहे थे, तभी जीवन रुईदास नाम का एक युवक वहां पहुंचा। जीवन के बैग में एक धारदार कापा (बड़ा चाकू) छिपा था। चश्मदीदों के अनुसार, जीवन ने चैंबर के अंदर घुसते ही डॉक्टर के सिर पर अंधाधुंध वार करना शुरू कर दिया। डॉक्टर भौमिक खून से लथपथ होकर फर्श पर गिर पड़े और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

इस सनसनीखेज हत्या के बाद आरोपी जीवन रुईदास फरार होने के बजाय सीधे बर्धमान थाने पहुंच गया। खून से सने कपड़ों में उसने पुलिस के सामने अपना जुर्म कबूल करते हुए कहा कि उसने डॉक्टर की हत्या कर दी है। पुलिस जब उसे लेकर मौके पर पहुंची, तो वहां का नजारा देखकर सबकी रूह कांप गई। जांच में पता चला है कि आरोपी जीवन की दादी की करीब एक महीने पहले मौत हो गई थी। जीवन को शक था कि डॉक्टर भौमिक के गलत इलाज की वजह से उसकी दादी की जान गई।

दादी की मौत का बदला लेने के लिए उसने एक महीने तक इस कत्ल की साजिश रची। स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्हें कानोकान खबर तक नहीं हुई कि अंदर इतना बड़ा कांड हो गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए बर्धमान मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया है। एक साधारण इलाज के विवाद में इस तरह की नृशंस हत्या ने पूरे शहर में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *