जेल से बाहर आते ही पार्थ चटर्जी को बड़ी जिम्मेदारी! विधानसभा की २ अहम समितियों में मिली जगह

जेल से रिहा होने के बाद पूर्व मंत्री और बेहाला पश्चिम के विधायक पार्थ चटर्जी को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है। पार्थ चटर्जी को पश्चिम बंगाल विधानसभा की दो महत्वपूर्ण समितियों – ‘लाइब्रेरी कमेटी’ और ‘हाउसिंग, फायर एंड इमरजेंसी सर्विसेज एंड डिजास्टर मैनेजमेंट स्टैंडिंग कमेटी’ का सदस्य मनोनीत किया गया है।
विधानसभा के नियमों के अनुसार, प्रत्येक निर्वाचित विधायक को कम से कम दो संसदीय समितियों का हिस्सा होना अनिवार्य है। इसी संवैधानिक प्रक्रिया का पालन करते हुए स्पीकर बिमान बनर्जी ने पार्थ चटर्जी को यह जिम्मेदारी सौंपी है। आधिकारिक अधिसूचना के अनुसार, यह निर्देश ११ दिसंबर, २०२५ से ही प्रभावी हो गया है। हालांकि, कयास लगाए जा रहे हैं कि आगामी चुनावों की घोषणा के कारण उन्हें वास्तविक रूप से काम करने का बहुत कम समय मिलेगा।
मंगलवार को बजट सत्र के पहले दिन पार्थ चटर्जी अनुपस्थित रहे, लेकिन उन्होंने पहले ही सत्र में शामिल होने की इच्छा जताई थी। मंत्री रहते हुए पहली पंक्ति में बैठने वाले पार्थ अब एक साधारण विधायक के रूप में पीछे की सीटों पर बैठेंगे। ९ फरवरी तक चलने वाले इस सत्र में उनकी उपस्थिति पर सबकी निगाहें टिकी हैं।