बांकुड़ा में नदी किनारे मिला दूसरा विश्व युद्ध! रेत खनन के दौरान निकले ३ विशाल मोर्टार शेल

पश्चिम बंगाल के बांकुड़ा जिले के सोनमुखी में रेत खनन के दौरान दूसरे विश्व युद्ध के काल के तीन विशाल हथियार मिलने से हड़कंप मच गया है। सोनमुखी थाना अंतर्गत डिहीपाड़ा ग्राम पंचायत के रागांमाटी फेरी घाट पर बुधवार सुबह रेत निकालते समय ये विस्फोटक मिले। रेत निकालने वाली मशीन (पे-लोडर) जैसे ही नदी की गहराई तक पहुंची, लोहे के भारी-भरकम तीन शेल बाहर आ गिरे।
घटना की जानकारी मिलते ही सोनमुखी पुलिस और बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंच गया। किसी भी संभावित विस्फोट को रोकने के लिए पुलिस ने शेल के चारों ओर रेत की बोरियां बिछाकर घेराबंदी कर दी है। जिला प्रशासन ने सेना (Indian Army) से भी संपर्क किया है। विशेषज्ञों का मानना है कि ये मोर्टार शेल दूसरे विश्व युद्ध के दौरान इस इलाके में स्थित गुप्त सैन्य ठिकानों या हवाई पट्टियों का हिस्सा हो सकते हैं।
बांकुड़ा के पुलिस अधीक्षक सौम्यदीप भट्टाचार्य ने बताया कि बम दस्ते को तुरंत मौके पर भेजा गया है और सेना के विशेषज्ञों को भी सूचित कर दिया गया है। जब तक सेना के विशेषज्ञ आकर इसे निष्क्रिय नहीं कर देते, तब तक इलाके में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। नदी घाट पर लोगों के जाने पर फिलहाल रोक लगा दी गई है। स्थानीय लोग इस पुरानी लेकिन खतरनाक खोज को देखने के लिए बड़ी संख्या में जुट रहे हैं, जिन्हें पुलिस नियंत्रित कर रही है।