मुंबई एयरपोर्ट पर रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना! रनवे पर टकराए दो विमान, बाल-बाल बची सैकड़ों जानें

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजीत पवार की हालिया विमान दुर्घटना में हुई मौत के सदमे से अभी देश उबरा भी नहीं था कि बुधवार सुबह मुंबई एयरपोर्ट पर एक और बड़ा हादसा होते-होते रह गया। मुंबई हवाई अड्डे के रनवे पर एयर इंडिया और इंडिगो के दो विमानों के पंख आपस में टकरा गए। गनीमत रही कि इस टक्कर से कोई बड़ा धमाका या आग नहीं लगी, जिससे विमान में सवार सैकड़ों यात्रियों की जान बाल-बाल बच गई।
जानकारी के अनुसार, एयर इंडिया का विमान मुंबई से कोयंबटूर के लिए उड़ान भरने की तैयारी कर रहा था, तभी वहां खड़े इंडिगो के विमान के पंख से उसकी भिड़ंत हो गई। हादसे के तुरंत बाद एयर इंडिया की उड़ान रद्द कर दी गई और यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। एयर इंडिया ने एक आधिकारिक बयान जारी कर कहा है कि सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं। हालांकि, नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) इस बात की जांच कर रहा है कि आखिर एक ही समय पर दो विमान इतने करीब कैसे आ गए और क्या इसमें एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) की कोई बड़ी चूक थी।
हाल ही में पुणे के बारामती में हुए विमान हादसे ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है, जिसमें एनसीपी नेता अजीत पवार सहित पांच लोगों की जान चली गई थी। बारामती के गोजुबावी ग्राम पंचायत के सीसीटीवी फुटेज में देखा गया कि उड़ान भरने के कुछ ही सेकंड के भीतर विमान असंतुलित होकर जमीन पर गिर गया था। उस दर्दनाक घटना के बाद मुंबई एयरपोर्ट पर हुई यह लापरवाही विमानन सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े करती है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने अजीत पवार की मौत की सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में निष्पक्ष जांच की मांग की है। इस तनावपूर्ण माहौल के बीच मुंबई की यह घटना प्रशासन के लिए बड़ी चेतावनी है।