‘धुरंधर 2’ की रिलीज से पहले रणवीर सिंह को मिली बिश्नोई गैंग की धमकी! करोड़ों की फिरौती से मचा हड़कंप

फिल्म ‘धुरंधर’ की ऐतिहासिक सफलता के बाद बॉलीवुड सुपरस्टार रणवीर सिंह अब गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के निशाने पर आ गए हैं। रणवीर सिंह को व्हाट्सएप पर एक वॉयस नोट के जरिए करोड़ों रुपये की फिरौती की धमकी दी गई है। इस धमकी के बाद मुंबई पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए अभिनेता के घर की सुरक्षा बढ़ा दी है और उनके आवास के बाहर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

साजिश का बिश्नोई कनेक्शन: यह मामला फिल्म निर्माता रोहित शेट्टी के घर पर हुई फायरिंग की घटना से जुड़ा माना जा रहा है। पुलिस ने उस मामले में अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनसे पूछताछ में बिश्नोई गैंग के शुभम लोंकर का नाम सामने आया है। मुंबई क्राइम ब्रांच और साइबर सेल अब रणवीर सिंह को भेजे गए कॉल और मैसेज के तकनीकी पहलुओं की जांच कर रही है। फॉरेंसिक टीमें भी इस सिंडिकेट के वित्तीय लेन-देन और कॉल रिकॉर्ड्स को खंगाल रही हैं।

धुरंधर 2 पर संकट के बादल? रणवीर सिंह की आने वाली फिल्म ‘धुरंधर: द रिवेंज’ 19 मार्च को सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली है। यह भारत की पहली 1000 करोड़ (घरेलू) कमाने वाली फिल्म का सीक्वल है। फिल्म में रणवीर एक बार फिर जासूस ‘हमजा अली मजारी’ के दमदार किरदार में नजर आएंगे। फिल्म की रिलीज और प्रमोशन से ठीक पहले मिली इस धमकी ने फिल्म इंडस्ट्री को सकते में डाल दिया है। हालांकि, पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि वे अभिनेता की सुरक्षा के लिए पूरी तरह मुस्तैद हैं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *