जशपुर का ‘खूनी’ सस्पेंस खत्म! पत्नी ने ही दी पति को दर्दनाक मौत, लाश को जलाने में बेटियों ने दिया साथ!

जशपुर के पुरना नगर में पिछले साल अक्टूबर में मिली एक अज्ञात अधजली लाश की गुत्थी को पुलिस ने 100 दिनों की कड़ी मशक्कत के बाद सुलझा लिया है। इस अंधे कत्ल की हकीकत जब सामने आई, तो पुलिस भी दंग रह गई। जिस शख्स की बेदर्दी से हत्या की गई थी, उसका कातिल कोई और नहीं बल्कि उसकी अपनी पत्नी और उसके बच्चे ही निकले।
ऐसे रची गई खौफनाक साजिश 18 अक्टूबर 2025 को तूरीटोंगरी के जंगल में एक गड्ढे से युवक का अधजला शव मिला था। चेहरा पूरी तरह जल जाने के कारण शिनाख्त करना नामुमकिन था। पुलिस ने हार नहीं मानी और डीएनए टेस्ट का सहारा लिया। इसी बीच मृतक के भाई ने शक जताया कि उसकी भाभी अपने लापता पति की तलाश तक नहीं कर रही है। यहीं से पुलिस की जांच की दिशा बदल गई।
आवेश में हत्या और सबूत मिटाने का खेल पुलिस पूछताछ में आरोपी पत्नी ने कबूल किया कि घरेलू विवाद के चलते उसने आवेश में आकर अपने पति की हत्या कर दी। चौंकाने वाली बात यह है कि इस जघन्य अपराध में उसकी दो नाबालिग बेटियों और एक पड़ोसी लड़के ने भी साथ दिया। पहचान छिपाने के लिए उन्होंने शव को जंगल में ले जाकर पेट्रोल से जलाने की कोशिश की।
हथियार बरामद, आरोपी गिरफ्तार पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल छोटी गैंती, पेट्रोल लाने वाला जरकीन और टॉर्च बरामद कर लिया है। जशपुर एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह के नेतृत्व में इस केस को सुलझाया गया। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है और तीनों नाबालिगों को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस खुलासे ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।