WhatsApp Web का बड़ा धमाका! बिना ऐप डाउनलोड किए अब ब्राउज़र से कर सकेंगे ऑडियो-वीडियो कॉल
मेटा (Meta) अपने ब्राउज़र-आधारित प्लेटफॉर्म ‘व्हाट्सएप वेब’ (WhatsApp Web) को एक नया रूप देने के लिए तैयार है। अब तक केवल मोबाइल ऐप और डेस्कटॉप सॉफ्टवेयर तक सीमित रहने वाला वॉयस और वीडियो कॉलिंग का फीचर अब सीधे वेब ब्राउज़र पर उपलब्ध होने वाला है। फिलहाल कंपनी इसका बीटा वर्जन टेस्ट कर रही है, जो जल्द ही सभी के लिए रोल आउट कर दिया जाएगा।
व्हाट्सएप के इस नए अपडेट के साथ यूजर्स अब क्रोम, सफारी और फायरफॉक्स जैसे ब्राउज़र्स से सीधे कॉल कर सकेंगे। इस फीचर की सबसे बड़ी खासियत यह है कि वीडियो कॉल के दौरान ‘स्क्रीन शेयरिंग’ का विकल्प भी मिलेगा, जो इसे प्रोफेशनल काम के लिए और भी उपयोगी बना देगा। सुरक्षा के लिहाज से कंपनी ने साफ किया है कि वेब कॉल्स भी ‘एंड-टू-एंड एन्क्रिप्टेड’ होंगे, यानी आपकी बातें पूरी तरह सुरक्षित रहेंगी।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, व्हाट्सएप वेब पर ग्रुप कॉलिंग की भी सुविधा होगी, जिसमें एक साथ १६ लोग जुड़ सकेंगे। इसके अलावा, मेटा ‘कॉल शेड्यूलिंग’ और ‘मीटिंग लिंक्स’ जैसे फीचर्स पर भी काम कर रहा है। ये बदलाव व्हाट्सएप वेब को ज़ूम या गूगल मीट जैसे प्लेटफॉर्म्स का एक हल्का और आसान विकल्प बना देंगे।
अब तक व्हाट्सएप वेब का इस्तेमाल ज्यादातर केवल मैसेजिंग के लिए किया जाता था। लेकिन कॉलिंग और मीटिंग फीचर्स के आने से उन यूजर्स को बड़ी राहत मिलेगी जो अपने कंप्यूटर पर अलग से ऐप इंस्टॉल करना पसंद नहीं करते। क्रॉस-डिवाइस फ्लेक्सिबिलिटी के साथ व्हाट्सएप का यह अपग्रेड डिजिटल कम्युनिकेशन के तरीके को पूरी तरह बदल सकता है।