पुण्यतिथि पर पंडित दीनदयाल उपाध्याय को पीएम मोदी का नमन, बोले- ‘उनका अंत्योदय दर्शन हर पीढ़ी का करेगा मार्गदर्शन’

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय जनसंघ के संस्थापक सदस्य पंडित दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। पीएम मोदी ने कहा कि पंडित दीनदयाल जी के सिद्धांत और मूल्य-आधारित विचार देश की हर पीढ़ी के लिए पथ-प्रदर्शक बने रहेंगे। प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “मातृभूमि के अनन्य उपासक पंडित दीनदयाल उपाध्याय को उनकी पुण्यतिथि पर सादर नमन।”

पीएम मोदी ने ‘अंत्योदय’ के प्रणेता को याद करते हुए कहा कि उन्होंने राष्ट्र और मानवता को सर्वोपरि मानकर अपना जीवन जन-जन के सशक्तिकरण के लिए समर्पित कर दिया। प्रधानमंत्री ने एक संस्कृत श्लोक भी साझा किया, जिसका अर्थ है कि जिस राष्ट्र की महिमा का गान हिमालय करता है और जिसकी कीर्ति समुद्र तक प्रवाहित होती है, उस राष्ट्र के लिए हम अपना सर्वस्व समर्पित करें।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी उन्हें श्रद्धांजलि दी। अमित शाह ने कहा कि अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति का उत्थान ही सच्चे राष्ट्र निर्माण की प्रेरणा है। वहीं, मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि ‘सबका साथ-सबका विकास’ की भावना पंडित जी के चिंतन की ही अभिव्यक्ति है और प्रदेश सरकार उनके आदर्शों पर चलकर समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के उत्थान के लिए संकल्पबद्ध है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *