“पाकिस्तान को टॉयलेट पेपर की तरह इस्तेमाल कर फेंक दिया गया,” रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ का अमेरिका पर बड़ा हमला

पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने नेशनल असेंबली में अपने देश की विदेश नीति और इतिहास पर कड़ा प्रहार करते हुए बेहद चौंकाने वाले बयान दिए हैं। उन्होंने अमेरिका के साथ पाकिस्तान के पुराने रिश्तों पर निराशा जताते हुए कहा कि उनके देश का केवल इस्तेमाल किया गया है।

अमेरिका के साथ रिश्तों पर सख्त टिप्पणी ख्वाजा आसिफ ने कहा, “पाकिस्तान के साथ टॉयलेट पेपर से भी बदतर व्यवहार किया गया और फिर उसे फेंक दिया गया, लेकिन हमने इससे कोई सबक नहीं सीखा।” उनका इशारा सीधे तौर पर अफगान युद्ध और ९/११ के बाद अमेरिका के साथ पाकिस्तान की साझेदारी की ओर था, जिसे वे अब देश के लिए कलंक मान रहे हैं।

तानाशाहों पर फोड़ा ठीकरा आसिफ ने दो पूर्व सैन्य तानाशाहों, जनरल जिया-उल-हक और जनरल परवेज मुशर्रफ को पाकिस्तान की मौजूदा बर्बादी का जिम्मेदार बताया। उन्होंने कहा, “दोनों तानाशाह अपनी सत्ता को वैधता दिलाना चाहते थे और इसके लिए उन्होंने एक महाशक्ति (अमेरिका) का सहारा लिया। हमने अफगानिस्तान में जो युद्ध लड़े, वे इस्लाम या धर्म के प्यार के लिए नहीं थे, बल्कि महाशक्तियों के बीच वर्चस्व की लड़ाई थी।”

आतंकवाद पर बड़ा खुलासा पाकिस्तान में बढ़ते आतंकवाद को उन्होंने अपनी ही गलतियों का ‘ब्लोबैक’ बताया। आसिफ ने कहा, “हमारे देश में आज जो आतंकवाद है, वह तानाशाहों द्वारा की गई गलतियों का नतीजा है। हम अपने इतिहास को नकारते हैं और गलतियां नहीं मानते। यदि हम खुद को दोषमुक्त करना चाहते हैं, तो हमें सच स्वीकार करना होगा।” उन्होंने कहा कि पाकिस्तान ने जो नुकसान झेला है, उसकी भरपाई कभी नहीं की जा सकती।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *