“शिक्षक बनोगे तो शादी का अच्छा रिश्ता नहीं मिलेगा”— लोगों के ताने सुनकर भी अक्षय ने खड़ी की करोड़ों की कंपनी
टेक एजुकेटर और कंटेंट क्रिएटर अक्षय सैनी ने हाल ही में अपने करियर और निजी संघर्षों को लेकर एक पोस्ट साझा किया है, जो पूरे भारत के प्रोफेशनल्स के बीच चर्चा का विषय बन गया है। उबेर (Uber) जैसी बड़ी कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर की शानदार नौकरी छोड़कर खुद का स्टार्टअप शुरू करने का उनका फैसला किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है।
शादी का ताना और समाज का दबाव अक्षय ने बताया कि जब उन्होंने नौकरी छोड़ी, तो लोगों ने उन्हें ‘पागल’ करार दिया था। किसी ने कहा कि नौकरी के साथ-साथ पढ़ाओ, तो किसी ने अजीब सलाह दी। अक्षय लिखते हैं, “एक व्यक्ति ने मुझसे कहा कि उबेर का टैग रहते हुए पहले शादी कर लो, क्योंकि टीचर बनने के बाद तुम्हें शादी के अच्छे विकल्प नहीं मिलेंगे।”
NamasteDev की शुरुआत बिना किसी जल्दबाजी के अक्षय ने १० महीने बिना सैलरी के बिताए ताकि वे समझ सकें कि उन्हें जीवन में असल में क्या चाहिए। इसी दौरान ‘NamasteDev’ की नींव रखी गई। उन्होंने माना कि स्टार्टअप चलाना बाहर से जितना ग्लैमरस दिखता है, अंदर से उतना ही चुनौतीपूर्ण और थका देने वाला होता है। उन्हें प्रोडक्ट से लेकर मार्केटिंग और कस्टमर सपोर्ट तक सब खुद संभालना पड़ा।
देहरादून में सपनों का जीवन आज ५ साल बाद अक्षय देहरादून में अपने घर पर रहकर एक रिमोट टीम के साथ काम करते हैं। वे कहते हैं, “यह वही जीवन है जो मैं हमेशा से चाहता था। मुझे गर्व है कि मैंने इसे चुना, तब भी जब यह ज्यादातर लोगों को समझ नहीं आ रहा था।” उनका कहना है कि कभी-कभी सही फैसला शुरुआत में गलत लग सकता है, लेकिन वक्त आने पर सब साफ हो जाता है।