बिहार में फिर ‘पकड़ुआ विवाह’? छात्र को नशीला पदार्थ पिलाकर जबरन कराई शादी, समस्तीपुर में मचा हड़कंप
बिहार के समस्तीपुर जिले से जबरन शादी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। होम गार्ड भर्ती परीक्षा की तैयारी कर रहे एक छात्र ने आरोप लगाया है कि उसे अगवा कर नशीला पदार्थ पिलाया गया और उसकी मर्जी के बिना उसकी शादी करा दी गई। इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसने पुलिस प्रशासन की नींद उड़ा दी है।
क्या दिख रहा है वायरल वीडियो में? वीडियो में पीड़ित नीतीश कुमार शादी की वेदी पर बैठा दिखाई दे रहा है, लेकिन वह पूरी तरह से होश में नहीं लग रहा। वरमाला के दौरान वह हाथ उठाने में भी असमर्थ दिख रहा है, जबकि पास खड़ा एक अन्य युवक उसका हाथ पकड़कर रस्म पूरी करा रहा है। नीतीश का आरोप है कि उसे उसके दो दोस्तों, कुंदन और राहुल ने कोल्ड ड्रिंक में नशा देकर अगवा किया था।
दोनों परिवारों के अलग-अलग दावे नीतीश के दादा का कहना है कि पहले शादी की बात चली थी, लेकिन परिवार को लड़की पसंद नहीं थी। इसी का बदला लेने के लिए साजिश रची गई। वहीं, लड़की के भाई जय कुमार ने इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। उसका कहना है कि शादी आपसी सहमति से हुई है और पिछले ६ महीने से दोनों के बीच बातचीत हो रही थी। जय का दावा है कि नीतीश की मां ने वीडियो कॉल पर लड़की को देखा था।
पुलिस की कार्रवाई नीतीश की मां की शिकायत पर पटोरी थाना पुलिस ने युवक को बरामद कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वे वीडियो साक्ष्य की बारीकी से जांच कर रहे हैं ताकि यह पता चल सके कि क्या नीतीश को वाकई नशा दिया गया था और इस अपहरण में कौन-कौन शामिल था।