‘अमेरिका ने हमें टॉयलेट पेपर की तरह इस्तेमाल कर फेंक दिया’, पाक रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ का संसद में कबूलनामा!
पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने बुधवार को नेशनल असेंबली में एक ऐसा बयान दिया है जिसने अंतरराष्ट्रीय राजनीति में खलबली मचा दी है। वाशिंगटन के साथ इस्लामाबाद के दशकों पुराने संबंधों पर कटाक्ष करते हुए आसिफ ने स्वीकार किया कि अमेरिका ने हमेशा पाकिस्तान को अपने रणनीतिक हितों के लिए एक औजार की तरह इस्तेमाल किया। उन्होंने बेहद सख्त शब्दों का इस्तेमाल करते हुए कहा, “अमेरिका ने हमें टॉयलेट पेपर की तरह इस्तेमाल किया और अपना मकसद पूरा होने के बाद हमें कूड़ेदान में फेंक दिया।” ख्वाजा आसिफ का यह बयान पाकिस्तान की बेबस विदेश नीति का सबसे बड़ा कबूलनामा माना जा रहा है।
संसद को संबोधित करते हुए रक्षा मंत्री ने कहा कि 1999 के बाद, और विशेष रूप से 9/11 हमलों के बाद अमेरिका के साथ हाथ मिलाना पाकिस्तान के लिए विनाशकारी साबित हुआ। उन्होंने दो टूक शब्दों में स्वीकार किया कि दो अफगान युद्धों में पाकिस्तान की भागीदारी एक बड़ी गलती थी। आसिफ ने कहा कि पाकिस्तान आज जिस आतंकवाद की आग में जल रहा है, वह किसी बाहरी ताकत की साजिश नहीं बल्कि हमारी अपनी पिछली गलत नीतियों का नतीजा है। उन्होंने पूर्व सैन्य तानाशाहों—जिया-उल-हक और परवेज मुशर्रफ पर हमला बोलते हुए कहा कि उन्होंने इस्लाम के लिए नहीं, बल्कि एक महाशक्ति को खुश करने के लिए पाकिस्तान को युद्ध में झोंका था।
रक्षा मंत्री ने आगे कहा कि जिहाद के नाम पर लोगों को युद्ध में भेजना पाकिस्तान के लिए घातक साबित हुआ। उन्होंने यह भी दावा किया कि इन युद्धों को सही ठहराने के लिए पाकिस्तान की शिक्षा प्रणाली तक को दूषित किया गया, जिसका असर आज की पीढ़ी पर साफ दिख रहा है। आसिफ के मुताबिक, अमेरिका के अफगानिस्तान छोड़ने के बाद पाकिस्तान अब अकेले हिंसा, चरमपंथ और कंगाली से जूझ रहा है। उन्होंने जोर देकर कहा कि अब समय आ गया है जब पाकिस्तान को अपनी गलतियां मान लेनी चाहिए, क्योंकि इन फैसलों से जो नुकसान हुआ है, उसकी भरपाई कभी नहीं की जा सकती।