पिता की गंदी जुबान बनी मौत की वजह! कोरबा में बेटी ने दरांती से रेता पिता का गला, फिर खुद कबूला जुर्म

छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक 27 वर्षीय बेटी ने अपने ही पिता की बेरहमी से हत्या कर दी। हरदी बाजार थाना क्षेत्र के रालिया गांव में रहने वाली गीता केवट ने आधी रात को विवाद के दौरान अपने पिता अशोक कुमार केवट (55) का गला दरांती से काट दिया। इस खौफनाक वारदात के बाद गीता ने खुद परिजनों के पास जाकर ठंडे दिमाग से कहा, “मैंने उसे मार दिया है।” पुलिस ने आरोपी बेटी को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक, मृतक अशोक केवट शराब का आदी था और अपनी पत्नी व बेटियों के चरित्र पर संदेह करता था। इसी विवाद के कारण उसकी पत्नी और तीनों बेटियां पिछले 8 साल से उससे अलग रह रही थीं। 9 फरवरी को जमीन के मुआवजे के काम से पूरा परिवार गांव आया था। रात करीब 2 बजे पिता-पुत्री के बीच तीखी बहस हुई। पुलिस के अनुसार, अशोक ने अपनी बड़ी बेटी गीता के लिए बेहद अभद्र और अश्लील शब्दों का इस्तेमाल किया, जिससे आक्रोशित होकर गीता ने घर में रखी दरांती से पिता पर हमला कर दिया और उसका गला रेत दिया।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गीता केवट सोशल मीडिया और यूट्यूब पर काफी सक्रिय रहती थी। कुछ समय पहले एक युवक के साथ उसका वीडियो वायरल होने पर विवाद हुआ था, जिसकी शिकायत साइबर सेल में भी की गई थी। पुलिस का मानना है कि लंबे समय से चल रहे पारिवारिक कलह और उस रात पिता द्वारा किए गए चरित्र हनन ने इस हत्याकांड को अंजाम दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी गीता से पूछताछ की जा रही है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *