“दूसरा कुछ नहीं पूछ सकते?” कुर्सी की खींचतान पर भड़के सीएम सिद्धारमैया, पत्रकारों को लगाई फटकार!

कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया बुधवार को उस समय पत्रकारों पर बुरी तरह भड़क गए जब उनसे कांग्रेस के भीतर चल रहे ‘पावर-शेयरिंग’ (सत्ता के बंटवारे) मुद्दे पर बार-बार सवाल किए गए। बेंगलुरु में मीडिया से बात करते हुए मुख्यमंत्री ने तीखी प्रतिक्रिया दी और कहा, “क्या आप कुछ और नहीं पूछ सकते? इसे शुरू हुए तीन महीने हो गए हैं। इसके बारे में अब और मत पूछिए।”
मुख्यमंत्री ने दोहराया कि वह और उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार कांग्रेस आलाकमान के हर फैसले का पालन करेंगे। उन्होंने झुंझलाते हुए कहा, “मुझे कितनी बार यह कहना पड़ेगा? आलाकमान जो कहेगा, डीके और मैं वही करेंगे। जो भी इस बारे में बोल रहा है, उनसे जाकर पूछिए।”
दरअसल, २० मई २०२३ को सरकार बनने के बाद से ही यह चर्चा जोरों पर है कि ढाई साल बाद सिद्धारमैया की जगह डी.के. शिवकुमार को मुख्यमंत्री बनाया जाएगा। २० नवंबर, २०२५ को सरकार का आधा कार्यकाल पूरा होने के बाद यह विवाद फिर से गहरा गया है। जब पत्रकारों ने शिवकुमार के उस बयान का हवाला दिया जिसमें उन्होंने कहा था कि नेतृत्व को लेकर उनके मन में कोई भ्रम नहीं है, तो सिद्धारमैया ने कहा, “अगर उन्होंने कुछ कहा है, तो उन्हीं से पूछिए। मुझे नहीं पता। मैं आलाकमान के निर्देशों के प्रति प्रतिबद्ध हूं।”
दिल्ली जाने की अटकलों पर उन्होंने कहा कि वह बजट की तैयारी में व्यस्त हैं और बिना बुलाए दिल्ली जाने का उनका कोई इरादा नहीं है।