ट्रेन में सफर के दौरान खाने की नो टेंशन! IRCTC की ई-पेंट्री सर्विस शुरू, सीधे सीट पर आएगा खाना

भारतीय रेलवे के यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। IRCTC ने रेल सफर के दौरान भोजन की समस्या को खत्म करने के लिए ‘ई-पेंट्री’ (e-Pantry) सेवा की शुरुआत की है। इस सेवा के जरिए यात्री यात्रा शुरू होने से पहले ही अपना खाना प्री-बुक कर सकते हैं, जो उनकी सीट या बर्थ पर सुरक्षित रूप से पहुंचा दिया जाएगा। वर्तमान में यह सुविधा २५ प्रमुख ट्रेनों में शुरू की गई है।
यह सेवा विशेष रूप से उन ट्रेनों के लिए है जिनमें खाने का खर्च टिकट के किराए में शामिल नहीं होता है। साथ ही, जिन ट्रेनों में ऑन-बोर्ड पेंट्री कार की सुविधा नहीं है, वहां के यात्रियों के लिए यह ई-पेंट्री सर्विस काफी मददगार साबित होगी।
बुकिंग और डिलीवरी की प्रक्रिया: इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, IRCTC की वेबसाइट पर टिकट बुकिंग के दौरान ही ई-पेंट्री का विकल्प मिलेगा। यह सुविधा केवल कंफर्म या आरएसी (RAC) सीट वाले यात्रियों के लिए ही उपलब्ध है। यात्री टिकट बुक करते समय या बाद में मानक भोजन (Standard Meals) और रेल नीर का ऑर्डर दे सकते हैं। ऑर्डर देने के बाद यात्रियों को एसएमएस या ईमेल के जरिए एक ‘मील वेरिफिकेशन कोड’ (MVC) प्राप्त होगा। सफर के दौरान वेंडर को यह कोड दिखाते ही आपकी सीट पर गर्म और ताजा खाना पहुंच जाएगा।
इन ट्रेनों में मिलेगी सुविधा: इस नई व्यवस्था में रिफंड का प्रावधान भी रखा गया है। यदि ऑर्डर किया गया खाना उपलब्ध नहीं होता है, तो यात्री रिफंड का दावा कर सकते हैं। विवेक एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर २२५०३/०४) से शुरू हुई इस योजना को अब स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस, स्वर्ण जयंती एक्सप्रेस, कर्नाटक संपर्क क्रांति एक्सप्रेस, मंगलाद्वीप एक्सप्रेस, कलिंग उत्कल एक्सप्रेस, पुष्पक एक्सप्रेस, पश्चिम एक्सप्रेस, नेत्रावती एक्सप्रेस, ग्रैंड ट्रंक एक्सप्रेस, पूर्वा एक्सप्रेस, लिच्छवी एक्सप्रेस, आजाद हिंद एक्सप्रेस, मालवा एक्सप्रेस और पुरुषोत्तम एक्सप्रेस जैसी ट्रेनों तक बढ़ा दिया गया है।