पूर्व सेना प्रमुख की किताब लीक मामला: दिल्ली पुलिस के रडार पर ‘पेंगुइन’, स्पेशल सेल ने थमाया नोटिस!

पूर्व थल सेना प्रमुख जनरल मनोज मुकुंद नरवणे की अभी तक प्रकाशित नहीं हुई आत्मकथा ‘Four Stars of Destiny’ के लीक होने का मामला अब पूरी तरह से पुलिसिया जांच के घेरे में आ गया है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने इस हाई-प्रोफाइल मामले में पब्लिशिंग हाउस ‘पेंगुइन रैंडम हाउस इंडिया’ को नोटिस जारी कर कड़े सवाल पूछे हैं। इस लीक को महज एक कॉपीराइट उल्लंघन नहीं, बल्कि देश के पूर्व सेना प्रमुख से जुड़ी संवेदनशील जानकारी के रूप में देखा जा रहा है।

स्पेशल सेल की सख्त पूछताछ स्पेशल सेल यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर यह पांडुलिपि (Manuscript) लीक कैसे हुई। पुलिस ने पब्लिशर से डिजिटल फाइलों तक पहुंच रखने वाले व्यक्तियों की सूची और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़ी जानकारी मांगी है। पुलिस को शक है कि इस सामग्री का ऑनलाइन प्रसारित होना किसी सोची-समझी साजिश का हिस्सा हो सकता है। जल्द ही कंपनी के अधिकारियों को पूछताछ के लिए बुलाया जा सकता है।

संसद तक पहुंची गूंज सोशल मीडिया पर किताब की पीडीएफ कॉपी वायरल होने के बाद यह मामला संसद में भी उठा। कुछ सांसदों ने सुरक्षा और गोपनीयता पर चिंता जताई है। ई-कॉमर्स साइटों पर भी किताब का कवर दिखने से लोग इसे आधिकारिक रिलीज मान बैठे थे। वहीं, पेंगुइन रैंडम हाउस ने स्पष्ट किया है कि उन्होंने अब तक कोई डिजिटल या प्रिंट कॉपी जारी नहीं की है और जो भी सामग्री बाहर आई है, वह पूरी तरह अवैध है। पुलिस अब उन तकनीकी साक्ष्यों की जांच कर रही है जिनसे यह सामग्री सार्वजनिक हुई।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *