अजीत पवार की मौत हादसा या साजिश? भतीजे रोहित पवार ने उठाए ५ बड़े सुलगते सवाल!

महाराष्ट्र के पूर्व उपमुख्यमंत्री अजीत पवार की २८ जनवरी को हुई विमान दुर्घटना में मौत के मामले ने अब एक नया मोड़ ले लिया है। उनके भतीजे और एनसीपी विधायक रोहित पवार ने इस पूरी घटना के पीछे किसी बड़ी साजिश की आशंका जताई है। मंगलवार को मीडिया के सामने सबूत पेश करते हुए रोहित ने विमान के परिचालन और सुरक्षा मानकों में भारी गड़बड़ी का आरोप लगाया।
रोहित पवार ने सवाल किया कि अजीत पवार का पहले से तय सड़क मार्ग का दौरा अंतिम समय में निजी चार्टर्ड प्लेन में क्यों बदला गया? उन्होंने कहा, “मुख्य पायलटों, साहिल मदान और यश को ऐन वक्त पर हटाकर सुमित कपूर को क्यों लाया गया? क्या पायलट की फिटनेस की जांच हुई थी?” रोहित ने आरोप लगाया कि पायलट के पिछले रिकॉर्ड और ड्यूटी के घंटों की अनदेखी की गई, जो किसी बड़ी लापरवाही या साजिश की ओर इशारा करती है।
तकनीकी खामियों पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि उड़ान के दौरान विमान का ट्रांसपोंडर काम नहीं कर रहा था और क्रैश से पहले पायलट ने कोई ‘डिस्ट्रेस कॉल’ क्यों नहीं दी? उन्होंने विमान की उम्र और ऑपरेटर ‘वीएसआर एविएशन’ के सुरक्षा रिकॉर्ड पर भी सवाल उठाए। रोहित पवार ने अब इस मामले की समयबद्ध और पारदर्शी जांच के लिए अंतरराष्ट्रीय विमानन विशेषज्ञों को शामिल करने की मांग की है, ताकि सच सामने आ सके।