बड़ा फैसला: अब स्कूलों और सरकारी कार्यक्रमों में ‘जन गण मन’ से पहले बजेगा ‘वंदे मातरम’!

केंद्रीय गृह मंत्रालय ने राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम’ के सम्मान और उसके गायन को लेकर नई गाइडलाइंस जारी कर दी हैं। बुधवार को जारी किए गए निर्देशों के अनुसार, अब सभी सरकारी समारोहों, स्कूलों और आधिकारिक आयोजनों में राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ शुरू होने से पहले ‘वंदे मातरम’ का गायन या वादन अनिवार्य होगा। सरकार का मानना है कि इससे राष्ट्रीय गौरव की भावना को बल मिलेगा।
6 छंदों के साथ 3 मिनट 10 सेकंड का होगा गायन नए नियमों के तहत अब वंदे मातरम के उन चार छंदों (Stanzas) को भी शामिल कर लिया गया है, जिन्हें 1937 में कांग्रेस द्वारा हटा दिया गया था। अब इस गीत के सभी छह छंदों का गायन होगा, जिसकी कुल औपचारिक अवधि लगभग 3 मिनट 10 सेकंड निर्धारित की गई है। गृह मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि राष्ट्रीय गीत के दौरान सभी का सावधान की मुद्रा में खड़ा होना अनिवार्य है।
सिनेमा हॉल में छूट, अनुशासन पर जोर गृह मंत्रालय ने सिनेमा हॉलों के लिए एक विशेष प्रावधान किया है। फिल्म या न्यूजरील के दौरान ‘वंदे मातरम’ बजने पर दर्शकों को खड़े होने की आवश्यकता नहीं होगी, ताकि हॉल के भीतर अनुशासन बना रहे और दर्शकों को असुविधा न हो। हालांकि, स्कूलों और अन्य सार्वजनिक कार्यक्रमों में प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन करना होगा।
प्रोटोकॉल का पालन अनिवार्य केंद्र सरकार ने साफ कर दिया है कि जब राष्ट्रगान और राष्ट्रीय गीत दोनों का एक साथ आयोजन होगा, तो पहले ‘वंदे मातरम’ गाया जाएगा और उसके बाद ‘जन गण मन’। गृह मंत्रालय का यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू माना जाएगा।