सॉफ्टवेयर इंजीनियर या मास्टरमाइंड चोर? BMW से आता था चोरी करने, 26 घरों में हाथ साफ करने वाला ‘Mask Man’ गिरफ्तार

विशाखापत्तनम पुलिस ने एक ऐसे हाई-प्रोफाइल चोर को गिरफ्तार किया है, जिसकी जीवनशैली देखकर कोई भी धोखा खा जाए। हैदराबाद की एक नामी आईटी कंपनी में कार्यरत सॉफ्टवेयर इंजीनियर महेश रेड्डी उर्फ सनी को 26 घरों में चोरी के आरोप में पकड़ा गया है। आरोपी अपनी अय्याशी और लग्जरी लाइफ की जरूरतों को पूरा करने के लिए ‘मास्क थीफ’ बनकर वारदातों को अंजाम देता था।

इंजीनियरिंग की आड़ में 26 चोरियां महेश रेड्डी पोस्ट ग्रेजुएट है और अच्छी खासी सैलरी पर नौकरी कर रहा था। पुलिस के अनुसार, उसे लग्जरी ब्रांड्स और महंगी पार्टियों का शौक था। वह अक्सर हैदराबाद से विशाखापत्तनम आता और सूने घरों को निशाना बनाता था। सीसीटीवी से बचने के लिए वह हमेशा मास्क और ग्लव्स का इस्तेमाल करता था। गजुवाका में हुई एक बड़ी चोरी की जांच के दौरान पुलिस ने उसे सर्विलांस और तकनीक की मदद से धर दबोचा।

चोरी के पैसों से खरीदी BMW आरोपी ने पूछताछ में कुबूल किया कि उसने चोरी के पैसों से एक लग्जरी बीएमडब्ल्यू (BMW) कार खरीदी थी। वह इसी कार से घूमता था और अपने दोस्तों को महंगी पार्टियां देता था। पुलिस ने उसके पास से 699 ग्राम सोना, करीब 4 किलो चांदी और वारदात में इस्तेमाल होने वाले ड्रिल, कटर और रॉड बरामद किए हैं। पुलिस ने उसकी कार और अपराध में इस्तेमाल होने वाला स्कूटर भी जब्त कर लिया है।

पुराना आपराधिक रिकॉर्ड हैरानी की बात यह है कि महेश बचपन से ही अपराध की दुनिया में सक्रिय रहा है। उसके खिलाफ पहले से ही करीब 60 चोरी के मामले दर्ज हैं और वह जेल की हवा भी खा चुका है। फिलहाल पुलिस उससे अन्य अनसुलझे मामलों के बारे में पूछताछ कर रही है।


Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *