विंटर ओलंपिक २०२६! जीत के बाद कैमरे पर मांगी माफी, साथी खिलाड़ी की जीत पर भारी पड़ा निजी दुख

मिलान कोर्टिना विंटर ओलंपिक २०२६ में मंगलवार को एक ऐसी घटना हुई जिसने खेल जगत को हैरान कर दिया। नॉर्वे के दिग्गज बायाथलीट स्टुर्ला होम लेग्रेइड ने २० किलोमीटर व्यक्तिगत स्पर्धा में ब्रोंज मेडल जीतने के ठीक बाद लाइव टीवी पर अपनी बेवफाई का गुनाह कबूल किया। मेडल मिलने की खुशी के बजाय उनके चेहरे पर पछतावा और आंखों में आंसू थे।
नॉर्वेजियन ब्रॉडकास्टर NRK से बात करते हुए लेग्रेइड ने कहा, “छह महीने पहले मुझे मेरा सच्चा प्यार मिला, दुनिया की सबसे खूबसूरत इंसान। लेकिन तीन महीने पहले मैंने अपनी जिंदगी की सबसे बड़ी गलती की और उसे धोखा दिया।” उन्होंने बताया कि एक हफ्ते पहले ही उन्होंने अपनी पार्टनर को सच बताया था। लेग्रेइड ने भावुक होते हुए कहा कि फिलहाल उनके लिए खेल से ज्यादा अपना रिश्ता अहम है और वह यह मेडल अपनी पार्टनर के साथ साझा करना चाहते थे।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने स्वीकार किया कि शायद यह खबर सार्वजनिक करना उनका स्वार्थ था, क्योंकि इससे उनके साथी जोहान-ओलाव बॉटन की गोल्ड मेडल की खुशी थोड़ी फीकी पड़ गई। लेग्रेइड ने कहा, “मैंने दुनिया को यह सच बताने का फैसला इसलिए किया ताकि शायद वह (प्रेमिका) समझ सके कि वह मेरे लिए क्या मायने रखती है।” यह लेग्रेइड का पहला व्यक्तिगत ओलंपिक पदक है, लेकिन उनकी इस स्वीकारोक्ति ने पूरे खेल जगत में बहस छेड़ दी है।