वोटर लिस्ट से नाम कटने का डर! भवानीपुर में ममता की तीसरी बैठक, फिरहाद हकीम भी रहे मौजूद

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी अपने विधानसभा क्षेत्र भवानीपुर में किसी भी तरह की ढिलाई बरतने के मूड में नहीं हैं। मंगलवार को उन्होंने अपने क्षेत्र के बीएलए (BLA) के साथ तीसरी बार महत्वपूर्ण बैठक की। सूत्रों के अनुसार, ममता बनर्जी ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि वोटर लिस्ट में सुधार के लिए घर-घर जाकर होने वाली सुनवाई पर कड़ी नजर रखी जाए। उनका मुख्य फोकस इस बात पर है कि किसी भी वैध मतदाता का नाम लिस्ट से न कटे।

भवानीपुर में गुजराती, मारवाड़ी और पंजाबी मतदाताओं की बड़ी संख्या है। पिछले लोकसभा चुनाव के रुझानों ने तृणमूल कांग्रेस की चिंता बढ़ा दी है, क्योंकि कुछ इलाकों में भाजपा को बढ़त मिली थी। इसी गढ़ को बचाने के लिए ममता बनर्जी ने फिरहाद हकीम और सुब्रत बख्शी जैसे कद्दावर नेताओं के साथ रणनीति तैयार की है। उन्होंने उन लोगों की रिपोर्ट भी मांगी है जिन्होंने फॉर्म तो लिया लेकिन जमा नहीं किया।

दूसरी ओर, भाजपा नेता दिलीप घोष ने मुख्यमंत्री पर तंज कसते हुए कहा, “ममता बनर्जी को लगता था कि वह अजेय हैं, लेकिन भाजपा ने उन्हें नंदीग्राम में हरा दिया। अब वह डरी हुई हैं। फर्जी मतदाताओं के नाम काटे जा रहे हैं, इसलिए उन्हें हार का डर सता रहा है।” दिलीप घोष ने दावा किया कि अगर ‘छप्पा वोट’ (फर्जी मतदान) रुक गया, तो ममता बनर्जी भवानीपुर भी हार जाएंगी।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *