निर्विरोध जीत! उद्धव गुट ने मानी हार? देश की सबसे अमीर नगर पालिका में भाजपा का ऐतिहासिक उदय
मुंबई की राजनीति में बुधवार को एक ऐतिहासिक अध्याय लिखा गया। देश की सबसे अमीर महानगर पालिका (BMC) में पिछले २५ वर्षों से चले आ रहे शिवसेना (ठाकरे परिवार) के वर्चस्व को खत्म करते हुए भाजपा की ऋतु तावड़े निर्विरोध मेयर चुनी गई हैं। चार दशकों के लंबे इंतजार के बाद यह पहला मौका है जब देश की आर्थिक राजधानी का मेयर भारतीय जनता पार्टी से बना है।
५३ वर्षीय ऋतु तावड़े घाटकोपर पश्चिम से तीन बार की पार्षद हैं। उन्होंने बीएमसी में शिक्षा समिति की अध्यक्ष के रूप में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। चुनाव में शिवसेना (UBT) द्वारा अपना उम्मीदवार नहीं उतारने के फैसले ने तावड़े की निर्विरोध जीत का रास्ता साफ कर दिया। इस बदलाव के साथ ही ७४,४५० करोड़ रुपये के भारी-भरकम बजट वाली बीएमसी पर अब सीधे तौर पर भाजपा के नेतृत्व वाले महायुति गठबंधन का नियंत्रण हो गया है।
राजनीतिक विशेषज्ञों का मानना है कि बीएमसी चुनावों में भाजपा के ८९ सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनने के बाद विपक्षी गठबंधन बैकफुट पर आ गया था। हालांकि संजय राउत जैसे नेताओं ने इसे भाजपा की मजबूरी बताया है, लेकिन धरातल पर यह जीत भाजपा की मुंबई में बढ़ती पकड़ को दर्शाती है। अब देखना यह है कि नए मेयर के नेतृत्व में मुंबई की बुनियादी सुविधाओं और विकास परियोजनाओं को कितनी गति मिलती है।