‘२०२६ में भी खिलेगा उगता सूरज’, स्टालिन ने कांग्रेस से गठबंधन पर तोड़ी चुप्पी!

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन ने २०२६ के विधानसभा चुनावों के लिए हुंकार भरते हुए दावा किया है कि द्रमुक (DMK) अपने दम पर बहुमत हासिल करेगी और फिर से सरकार बनाएगी। कांग्रेस के साथ गठबंधन में दरार की खबरों के बीच, स्टालिन ने स्पष्ट किया कि डीएमके और कांग्रेस का रिश्ता “अटूट” है और वे साथ मिलकर चुनाव लड़ेंगे। हालांकि, उन्होंने यह साफ नहीं किया कि जीत के बाद कांग्रेस को कैबिनेट में जगह मिलेगी या नहीं।

एक निजी समाचार चैनल के कार्यक्रम में स्टालिन ने कहा, “राहुल गांधी के साथ मेरा भाई जैसा लगाव है। हम साथ चुनाव लड़ेंगे, लेकिन सत्ता के बंटवारे का सवाल अभी पैदा नहीं होता।” गौरतलब है कि २०२१ के चुनाव में डीएमके ने २३४ में से १३३ सीटें जीती थीं, जबकि कांग्रेस ने १८ सीटें जीतने के बावजूद कैबिनेट में जगह नहीं पाई थी। इस बार कांग्रेस अधिक सीटों और सरकार में भागीदारी की मांग कर रही है, जिसे लेकर २२ फरवरी से औपचारिक बातचीत शुरू होगी।

बीजेपी और एनडीए पर तीखा हमला बोलते हुए स्टालिन ने उन्हें “डब्बा इंजन” करार दिया। उन्होंने चुनाव को “आर्य बनाम द्रविड़” की लड़ाई बताते हुए आरोप लगाया कि बीजेपी राज्य में नफरत और सांप्रदायिक तनाव फैलाकर लोगों को बांटने की कोशिश कर रही है। स्टालिन ने भरोसा जताया कि तमिलनाडु की जनता विभाजनकारी राजनीति को सिरे से नकार देगी और एनडीए को करारी हार का सामना करना पड़ेगा।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *