डिजिटल क्रांति और महिला सशक्तिकरण! योगी के बजट में युवाओं के लिए 40 लाख टैबलेट का तोहफा

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य का अब तक का सबसे बड़ा बजट पेश कर मास्टरस्ट्रोक खेला है। वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने बुधवार को 9,12,696 करोड़ रुपये का बजट पेश किया, जो योगी सरकार का 10वां बजट है। इस बजट में महिलाओं और युवाओं के लिए कई लोकलुभावन घोषणाएं की गई हैं।
बजट की सबसे बड़ी उपलब्धि ‘रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना’ है, जिसके तहत मेधावी छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए मुफ्त स्कूटी दी जाएगी। इस योजना के लिए 400 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। वहीं, डिजिटल यूपी के सपने को साकार करने के लिए ‘स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तिकरण योजना’ के तहत युवाओं को 40 लाख नए टैबलेट और स्मार्टफोन बांटे जाएंगे, जिसके लिए 2,374 करोड़ रुपये का प्रावधान है।
महिलाओं की सुरक्षा और रोजगार पर जोर देते हुए सरकार ने राज्य में विशेष ‘महिला जॉब प्लेसमेंट सेंटर’ खोलने का ऐलान किया है। बजट में बताया गया कि बैंकिंग कॉरेस्पोंडेंट सखी (BC Sakhi) ने राज्य में 39,000 करोड़ से ज्यादा का वित्तीय लेनदेन कर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती दी है। सुरक्षा के लिहाज से ‘एंटी रोमियो स्क्वाड’ को और सशक्त बनाने और सीसीटीवी कैमरों का जाल बिछाने के लिए भी फंड आवंटित किया गया है।