पंडित दीनदयाल के सपनों को साकार कर रहे PM मोदी! मप्र में 2026 होगा ‘किसान कल्याण वर्ष’ – डॉ. मोहन यादव
एकात्म मानववाद के प्रणेता और प्रखर राष्ट्रवादी विचारक पंडित दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उन्हें कोटि-कोटि नमन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि पंडित जी का दर्शन ‘व्यक्ति से समष्टि’ और ‘समाज से राष्ट्र’ निर्माण का मार्ग दिखाता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘सबका साथ, सबका विकास’ का मंत्र दरअसल पंडित दीनदयाल जी के ‘अंत्योदय’ संकल्प का ही आधुनिक स्वरूप है।
किसानों के लिए ऐतिहासिक घोषणाएं मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि मध्य प्रदेश सरकार वर्ष 2026 को ‘किसान कल्याण वर्ष’ के रूप में मना रही है। राज्य के 25 जिलों में सिंचाई सुविधाओं के विस्तार के लिए केन-बेतवा और पार्वती-कालीसिंध-चंबल जैसी नदी जोड़ो परियोजनाओं पर तेजी से काम हो रहा है। अगले तीन वर्षों में 30 लाख किसानों को सोलर पंप दिए जाएंगे, जिससे प्रदेश का कुल सिंचाई क्षेत्र 1 करोड़ हेक्टेयर तक पहुंचाने का लक्ष्य है।
आत्मनिर्भर मध्य प्रदेश और वैश्विक निवेश पंडित जी के आत्मनिर्भर भारत के सपने को पूरा करने के लिए मध्य प्रदेश अब वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान बना रहा है। मुख्यमंत्री ने बताया कि जर्मनी, यूके और दावोस की यात्राओं के माध्यम से राज्य में बड़े पैमाने पर निवेश लाया गया है। भोपाल में आयोजित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट और क्षेत्रीय उद्योग सम्मेलनों के जरिए स्थानीय उद्योगों को अंतरराष्ट्रीय मंच प्रदान किया जा रहा है।
सुशासन और सामाजिक न्याय डॉ. मोहन यादव ने कहा कि राज्य सरकार पंडित जी के आदर्शों पर चलते हुए गरीब, किसान, युवा और महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए चार मिशनों पर काम कर रही है। चाहे वह तलाकशुदा बेटियों को पेंशन देना हो या कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन नियमों में सुधार, हर कदम समाज के अंतिम व्यक्ति के कल्याण के लिए उठाया जा रहा है।