करोड़ों की संपत्ति के मालिक, फिर भी रैन बसेरे में कट रही रात! छपरा के बुजुर्ग की दर्दनाक दास्तां
बिहार के छपरा जिले के प्रभुनाथ नगर से एक ऐसी खबर आई है जिसे सुनकर रूह कांप जाएगी। करोड़ों की जमीन और घर के मालिक ६० वर्षीय उमेश चंद्र वर्मा आज दाने-दाने को मोहताज हैं और एक रैन बसेरे (Night Shelter) में रहने को मजबूर हैं। उमेश ने अपनी जवानी असम के चाय बागानों में काम करते हुए बिताई और अपनी पूरी कमाई घर भेजी। आरोप है कि परिवार ने उनकी शादी कराने का वादा करके उनके सारे पैसे ले लिए, लेकिन उनकी शादी कभी नहीं कराई।
आज जब उमेश बीमार हैं और चलने-फिरने में असमर्थ हैं, तो उनके भाइयों ने उनकी जमीन और जमापूंजी पर कब्जा कर उन्हें घर से बाहर निकाल दिया। कभी छपरा सदर अस्पताल में सुरक्षा गार्ड की नौकरी करने वाले उमेश आज ‘युवा क्रांति रोटी’ संस्था द्वारा दिए गए भोजन पर जीवित हैं। अपनी करोड़ों की संपत्ति होते हुए भी वह न्याय के लिए प्रशासन की ओर देख रहे हैं। उमेश का कहना है कि उन्होंने अपनी पूरी जिंदगी जिस परिवार के लिए कुर्बान कर दी, उसी ने उन्हें आज सड़क पर ला दिया है।