मौत का खुला गड्ढा! रोहिणी में मैनहोल में गिरने से ३२ वर्षीय श्रमिक की दर्दनाक मौत
देश की राजधानी दिल्ली एक बार फिर नागरिक लापरवाही का गवाह बनी है। रोहिणी सेक्टर ३२ में सोमवार रात एक खुले मैनहोल में गिरने से बिहार के समस्तीपुर के रहने वाले बिरजू कुमार राय (३२) की मौत हो गई। यह घटना जितनी दुखद है, उतनी ही चौंकाने वाली भी है। बिरजू और उसका दोस्त बुधन दास सोमवार रात करीब ७:३० बजे नशे की हालत में घर लौट रहे थे, तभी बिरजू अंधेरे में खुले सीवर में जा गिरा। उसका दोस्त इतना नशे में था कि उसे अगले दिन दोपहर २:३० बजे तक पता ही नहीं चला कि बिरजू उसके साथ नहीं है।
सूचना मिलने के बाद भी प्रशासन पर सुस्त कार्रवाई का आरोप लगा है। मंगलवार रात ९ बजे जब दमकल विभाग और पुलिस ने बिरजू को बाहर निकाला, तब तक उसकी जान जा चुकी थी। चश्मदीदों का कहना है कि अगर समय रहते मदद मिल जाती तो बिरजू को बचाया जा सकता था। बिरजू अपने पीछे बूढ़ी मां और तीन छोटे बच्चों को छोड़ गया है। पुलिस ने लापरवाही का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है कि आखिर वह मैनहोल खुला क्यों छोड़ा गया था।