असम के नेशनल हाईवे पर उतरेगा PM मोदी का विमान! 14 फरवरी को रचेगा इतिहास, कांप उठेंगे दुश्मन?

असम में आगामी 14 फरवरी को एक ऐसी घटना होने जा रही है जो देश के इतिहास में सुनहरे अक्षरों में दर्ज होगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विमान इस बार किसी एयरपोर्ट पर नहीं, बल्कि असम के मोरान में स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग (National Highway) पर उतरेगा। मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि की पुष्टि करते हुए बताया कि राज्य सरकार और भारतीय वायुसेना (IAF) ने इसके लिए मोरान में हाईवे के एक हिस्से को ‘इमरजेंसी लैंडिंग स्ट्रिप’ के रूप में तैयार किया है।
प्रधानमंत्री के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, वह शनिवार सुबह करीब 9:50 बजे चबुआ एयरपोर्ट पहुंचेंगे और वहां से सीधे मोरान के लिए प्रस्थान करेंगे। सुबह 10 बजे तक उनके कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने की उम्मीद है। पीएम के पहुंचते ही भारतीय वायुसेना के जांबाज पायलट आसमान में अपना कौशल दिखाएंगे। इस ‘एयर शो’ में वही फाइटर जेट शामिल होंगे जिन्होंने हाल ही में गुवाहाटी एयर शो में अपनी ताकत का लोहा मनवाया था। सबसे रोमांचक क्षण वह होगा जब वायुसेना के कई विमान मोरान के इसी हाईवे रनवे पर लैंडिंग और टेक-ऑफ करेंगे।
सोशल मीडिया पर मोरान हाईवे के ट्रायल लैंडिंग के वीडियो पहले ही वायरल हो चुके हैं। रक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि रणनीतिक दृष्टि से यह कदम बेहद महत्वपूर्ण है। युद्ध या आपातकालीन स्थिति में यदि मुख्य हवाई पट्टियां क्षतिग्रस्त हो जाती हैं, तो ये हाईवे रनवे वायुसेना के लिए जीवनरेखा साबित होते हैं। असम में इस तरह का बुनियादी ढांचा तैयार होना पूर्वोत्तर भारत की सुरक्षा और विकास की एक नई तस्वीर पेश करता है।
मोरान का कार्यक्रम संपन्न करने के बाद प्रधानमंत्री गुवाहाटी जाएंगे, जहां वह ब्रह्मपुत्र नदी पर बने भव्य ‘गुवाहाटी-उत्तर गुवाहाटी’ पुल का उद्घाटन करेंगे। मुख्यमंत्री सरमा ने इसे ‘वास्तुकला का चमत्कार’ बताते हुए कहा कि यह राज्य के लोक निर्माण विभाग (PWD) की सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक है। उद्घाटन के बाद, शुरुआती कुछ दिनों के लिए पुल को केवल पैदल यात्रियों के लिए खोला जाएगा ताकि लोग इस अद्भुत निर्माण को करीब से देख सकें। 1 मार्च से इस पर नियमित यातायात शुरू होगा। प्रधानमंत्री का यह दौरा असम के लिए बुनियादी ढांचे और गौरव का एक नया सवेरा लेकर आ रहा है।