सिंधु जल संधि के बीच बड़ा कदम! झेलम और चिनाब पर रुके हुए प्रोजेक्ट्स फिर शुरू करेंगे उमर अब्दुल्ला

जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने मंगलवार को विधानसभा में एक बड़ा बयान देते हुए कहा कि उनकी सरकार उन दो प्रमुख परियोजनाओं पर केंद्र के साथ मिलकर काम कर रही है, जो पाकिस्तान की आपत्तियों और सिंधु जल संधि (IWT) के कारण ठप पड़ी थीं। इनमें झेलम नदी पर स्थित ‘तुलबुल नेविगेशन प्रोजेक्ट’ (TNP) और जम्मू शहर के लिए अखनूर के पास चिनाब नदी से पानी उठाने की योजना शामिल है।
मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि इन दोनों परियोजनाओं पर जल्द ही काम शुरू हो जाएगा। गौरतलब है कि मई २०२५ में भारत द्वारा सिंधु जल संधि को स्थगित (Abeyance) किए जाने के बाद से इन जलमार्गों पर नियंत्रण और उपयोग को लेकर भारत का रुख कड़ा हुआ है। चार दशक पुरानी तुलबुल परियोजना न केवल पर्यटन और परिवहन के लिए अहम है, बल्कि चिनाब से पानी उठाने की योजना जम्मू शहर की प्यास बुझाने के लिए अनिवार्य है। अब्दुल्ला के इस बयान को राज्य के बुनियादी ढांचे के विकास और जल संप्रभुता की दिशा में एक बड़े बदलाव के रूप में देखा जा रहा है।