अभिषेक शर्मा को अस्पताल से मिली छुट्टी: नामीबिया के खिलाफ खेलने पर सस्पेंस बरकरार, मैच से ठीक पहले होगा फैसला
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के बीच भारतीय खेमे से एक बड़ी और राहत भरी खबर सामने आई है। टीम के विस्फोटक सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा को पेट में संक्रमण के कारण अस्पताल में भर्ती होना पड़ा था, लेकिन अब उन्हें छुट्टी मिल गई है। कल यानी 12 फरवरी को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में भारत का मुकाबला नामीबिया से होना है, हालांकि अभिषेक इस मैच में खेलेंगे या नहीं, इस पर अभी भी सस्पेंस बना हुआ है।
मैच से ठीक पहले लिया जाएगा फैसला: युवा बल्लेबाज तिलक वर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अभिषेक की सेहत पर अपडेट देते हुए कहा, “अभिषेक आज अस्पताल से डिस्चार्ज हो गए हैं। कल मैच से ठीक पहले उनकी शारीरिक स्थिति को देखा जाएगा। अगर वह पूरी तरह से फिट महसूस करते हैं, तभी उन्हें प्लेइंग इलेवन में शामिल करने पर फैसला लिया जाएगा।” इससे पहले असिस्टेंट कोच रयान टेन डोएशेट ने भी उनके पेट में दिक्कत की पुष्टि की थी।
संजू सैमसन या अभिषेक शर्मा? अभिषेक पहले मैच में अमेरिका के खिलाफ बिना खाता खोले (गोल्डन डक) आउट हो गए थे और बीमारी की वजह से फील्डिंग के लिए भी नहीं उतरे थे। उनकी जगह संजू सैमसन ने फील्डिंग की जिम्मेदारी संभाली थी। अब देखना यह होगा कि क्या टीम मैनेजमेंट अभिषेक को नामीबिया के खिलाफ मौका देकर उनकी लय वापस लाने की कोशिश करेगा या उन्हें पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले ‘महामुकाबले’ के लिए पूरी तरह आराम दिया जाएगा।