थाईलैंड के स्कूल में अंधाधुंध फायरिंग! M4 मशीनगन के साथ घुसा १८ साल का हमलावर, ३ घायल

थाईलैंड के सोंगखला प्रांत के हाट याई जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ के ‘पातंग प्रथान खिरी विट’ स्कूल में एक १८ वर्षीय युवक ने M4 सबमशीन गन से हमला कर दिया। इस हमले में स्कूल के प्रिंसिपल समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। हमला उस वक्त हुआ जब बच्चे स्कूल से घर जाने की तैयारी कर रहे थे।

आतंक के वे चंद घंटे: चश्मदीदों के मुताबिक, हमलावर ने स्कूल में घुसते ही फायरिंग शुरू कर दी। एक सुरक्षाकर्मी ने बताया कि हमलावर ने सीधे प्रिंसिपल को निशाना बनाया। बीच-बचाव करने पर सुरक्षाकर्मी के पेट में भी गोली लगी। इसके बाद हमलावर ने कई शिक्षकों और छात्रों को एक कमरे में बंधक बना लिया। स्कूल परिसर में चीख-पुकार मच गई और मासूम बच्चे अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर छिपने लगे।

पुलिस की कार्रवाई: घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की एक विशेष टीम ने स्कूल को चारों तरफ से घेर लिया। कई घंटों तक चली बातचीत और घेराबंदी के बाद आखिरकार हमलावर को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि इतनी कम उम्र के युवक के पास घातक हथियार कहाँ से आया और इस हमले के पीछे उसका मकसद क्या था। फिलहाल घायलों का इलाज जारी है और स्कूल को खाली करा लिया गया है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *