पशुपतिनाथ से बैद्यनाथ धाम तक बनेगा हाई-स्पीड कॉरिडोर! बिहार के इन जिलों की चमकेगी किस्मत

धार्मिक पर्यटन और क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को नई ऊंचाई देने के लिए बिहार सरकार ने ‘पशुपतिनाथ-बैद्यनाथधाम हाई-स्पीड कॉरिडोर’ के निर्माण का ऐलान किया है। पथ निर्माण मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल ने मंगलवार को विधानसभा में बताया कि यह 250 किलोमीटर लंबा ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे नेपाल की राजधानी काठमांडू को सीधे झारखंड के देवघर से जोड़ेगा।
इन जिलों से गुजरेगा एक्सप्रेसवे: यह नया कॉरिडोर नेपाल के भीमनगर और बीरपुर के रास्ते बिहार के सुपौल जिले में प्रवेश करेगा। इसके बाद यह मधेपुरा, सहरसा, खगड़िया, मुंगेर और बांका जिलों से होते हुए झारखंड के बैद्यनाथधाम तक पहुंचेगा। इस मार्ग के बनने से श्रद्धालुओं को दो प्रमुख शिव धामों के दर्शन करने में सुगमता होगी।
आर्थिक विकास को मिलेगी गति: यह एक्सप्रेसवे रक्सौल-हल्दिया और दरभंगा-अमस जैसे बड़े एक्सप्रेसवे से भी जुड़ेगा, जिससे उत्तर और पूर्वी भारत का सड़क नेटवर्क काफी मजबूत हो जाएगा। इसके अलावा, भारत-नेपाल सीमा सड़क परियोजना के तहत बिहार के 7 सीमावर्ती जिलों में 554 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण भी तेजी से चल रहा है। इन परियोजनाओं के पूरा होने से सीमावर्ती क्षेत्रों में व्यापार, सुरक्षा और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।