पश्चिम बंगाल में उच्च माध्यमिक परीक्षा का नया दौर! आज से सेमेस्टर सिस्टम शुरू, 7 लाख से अधिक छात्र देंगे एग्जाम
कोलकाता: पश्चिम बंगाल उच्च माध्यमिक शिक्षा परिषद (WBCHSE) के इतिहास में आज का दिन बेहद महत्वपूर्ण है। आज से राज्य भर में उच्च माध्यमिक की परीक्षाएं शुरू हो रही हैं, जो इस बार ‘सेमेस्टर सिस्टम’ के तहत पहली बार आयोजित की जा रही हैं। परिषद के अध्यक्ष प्रोफेसर चिरंजीव भट्टाचार्य ने इसे एक बड़ी चुनौती बताया है।
इस वर्ष कुल 7,10,811 परीक्षार्थी शामिल हो रहे हैं, जिनमें छात्राओं की संख्या अधिक है। परीक्षा 12 फरवरी से 27 फरवरी तक चलेगी। खास बात यह है कि केंद्रों पर तीन अलग-अलग प्रणालियों—चौथा सेमेस्टर, तीसरा सेमेस्टर (सप्लीमेंट्री) और पुराने सिलेबस के तहत परीक्षाएं ली जा रही हैं। चौथे सेमेस्टर की परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक होगी, जबकि पुराने सिलेबस की परीक्षा दोपहर 1 बजे तक चलेगी।
परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। मेटल डिटेक्टर से जांच और सीसीटीवी की निगरानी में पूरी प्रक्रिया संपन्न होगी। मोबाइल, स्मार्टवॉच या किसी भी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण को ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध है। लगभग 40,000 शिक्षकों की तैनाती की गई है ताकि परीक्षा की गरिमा बनी रहे। किसी भी प्रकार की नकल पकड़े जाने पर परीक्षार्थी का पंजीकरण रद्द कर दिया जाएगा।