विराट कोहली का रिकॉर्ड खतरे में! नामीबिया के खिलाफ दिल्ली में इतिहास रच सकते हैं सूर्यकुमार यादव

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में टीम इंडिया ने अपने विजयी अभियान की शुरुआत कर दी है। पहले मैच में अमेरिका के खिलाफ जब टीम इंडिया संकट में थी, तब कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 49 गेंदों में नाबाद 84 रनों की कप्तानी पारी खेलकर जीत सुनिश्चित की। अब 12 फरवरी को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में भारत का सामना नामीबिया से होना है। इस मैच में सूर्या के पास महान बल्लेबाज विराट कोहली को एक खास रिकॉर्ड के मामले में पीछे छोड़ने का मौका होगा।

विराट के बराबर खड़ा है ‘स्काई’: टी20 इंटरनेशनल में भारतीय सरजमीं पर सबसे ज्यादा 50 या उससे अधिक रनों की पारी खेलने के मामले में फिलहाल सूर्यकुमार यादव और विराट कोहली बराबरी पर हैं। दोनों ने अब तक 14-14 बार ऐसा किया है। अगर आज नामीबिया के खिलाफ सूर्या एक और अर्धशतक जड़ देते हैं, तो वह कोहली को पछाड़कर इस सूची में अकेले बादशाह बन जाएंगे। इस लिस्ट में केएल राहुल (12 पारी) और रोहित शर्मा (10 पारी) काफी पीछे हैं।

घरेलू मैदान पर बादशाहत: सूर्या का घरेलू रिकॉर्ड उनके रूतबे को बयां करता है। उन्होंने भारत में अब तक 44 मैचों में 1404 रन बनाए हैं, जिसमें 170 से ज्यादा का स्ट्राइक रेट शामिल है। उनके नाम घर में 13 अर्धशतक और एक शतक दर्ज है। न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज से फॉर्म में लौटे सूर्या ने वर्ल्ड कप के पहले मैच में भी वही तेवर दिखाए। अब दिल्ली के दर्शकों को उम्मीद है कि सूर्या न केवल भारत को जीत दिलाएंगे, बल्कि कोहली का रिकॉर्ड तोड़कर अपना नाम सुनहरे अक्षरों में दर्ज कराएंगे।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *