व्हाट्सएप vs रूस: सरकारी निगरानी वाले ऐप का बढ़ा दबाव, क्या रूसी जनता खो देगी अपनी प्राइवेसी?
अमेरिका के साथ बढ़ते तनाव और यूक्रेन युद्ध के बीच रूस ने व्हाट्सएप पर ‘डिजिटल सर्जिकल स्ट्राइक’ करने की तैयारी पूरी कर ली है। रूसी अधिकारियों पर आरोप है कि वे व्हाट्सएप को पूरी तरह ब्लॉक कर 10 करोड़ से अधिक यूजर्स को सरकारी नियंत्रण वाले मैसेजिंग प्लेटफॉर्म पर शिफ्ट करना चाहते हैं। व्हाट्सएप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी साझा की है कि रूसी सरकार प्राइवेसी खत्म करने के लिए यूजर्स को सरकारी निगरानी वाले ऐप्स की ओर धकेल रही है।
क्या है सरकारी ऐप ‘MAX’? रूस में अब ‘MAX’ नामक एक स्वदेशी ऐप को बढ़ावा दिया जा रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि यह ऐप रूसी सुरक्षा एजेंसियों को यूजर्स की बातचीत ट्रैक करने में मदद करेगा। हालांकि, सरकारी मीडिया इसे सुरक्षित और बेहतर विकल्प बता रहा है। व्हाट्सएप के प्रवक्ता का कहना है कि सुरक्षित संचार से लोगों को काटना रूस के नागरिकों की सुरक्षा को ही नुकसान पहुंचाएगा। मॉस्को का लक्ष्य अब पूरी तरह से इंटरनेट और डिजिटल संचार पर अपना एकाधिकार जमाना है।