कानपुर लेम्बोर्गिनी एक्सीडेंट: 4 दिन बाद पुलिस के हत्थे चढ़ा तंबाकू कारोबारी का बेटा शिवम, जेल की तैयारी!
उत्तर प्रदेश के कानपुर में अपनी तेज रफ्तार लेम्बोर्गिनी से कई लोगों को घायल करने वाले मशहूर तंबाकू कारोबारी केके मिश्रा के बेटे शिवम मिश्रा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। घटना के चार दिन बाद मिली इस सफलता पर कानपुर पुलिस कमिश्नर रघुवीर लाल ने बताया कि मेडिकल चेकअप के बाद आरोपी को कोर्ट में पेश किया जाएगा।
बीते रविवार को वीआईपी रोड पर लेम्बोर्गिनी ने एक ऑटो और बाइक को जोरदार टक्कर मारी थी, जिसमें तौफीक अहमद समेत छह लोग घायल हुए थे। सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा गया कि कार ने बाइक को कई मीटर तक घसीटा। घटना के बाद शिवम के बाउंसरों ने उसे सुरक्षित निकालने और कार की नंबर प्लेट हटाने की कोशिश की थी, जिससे मौके पर तनाव बढ़ गया था।
मामले में नया मोड़ तब आया जब मोहन लाल नामक एक ड्राइवर ने कोर्ट में सरेंडर कर दावा किया कि शिवम को दौरे पड़ने के कारण वह गाड़ी चला रहा था। हालांकि, पुलिस ने इस दावे को सिरे से खारिज कर दिया है। पुलिस के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज और चश्मदीदों के बयान गवाही दे रहे हैं कि हादसे के वक्त स्टीयरिंग शिवम के हाथ में ही थी। सबूतों के आधार पर अब पुलिस इस हाई-प्रोफाइल केस में सख्त कार्रवाई कर रही है।