बांग्लादेश चुनाव के बीच खूनी खेल! चाय बागान में मिला हिंदू युवक का बंधा हुआ शव, सनसनी
बांग्लादेश में आज हो रहे आम चुनाव के बीच सिलहट के चंपारा चाय बागान में एक अल्पसंख्यक युवक की हत्या से हड़कंप मच गया है। मृतक की पहचान 28 वर्षीय रतन साहूकार के रूप में हुई है, जिसका शव आज सुबह हाथ-पांव बंधे और खून से लथपथ हालत में मिला। कमलगंज पुलिस के अनुसार, रतन पिछले रात से लापता था और शनिवार सुबह स्थानीय लोगों ने बागान के भीतर उसका शव देखा।
रतन के दादा लक्ष्मण ने बताया कि परिवार पूरी रात उसे ढूंढता रहा, लेकिन सुबह उसकी मौत की खबर आई। शरीर पर चोट के निशान इस बात की ओर इशारा कर रहे हैं कि उसे कहीं और मारकर शव को बागान में फेंक दिया गया। हालांकि स्थानीय लोग इस हत्या को चुनावी हिंसा से जोड़कर देख रहे हैं, लेकिन पुलिस का कहना है कि वे सभी कोणों से जांच कर रहे हैं।
बांग्लादेश में पिछले कुछ महीनों से हिंदू अल्पसंख्यकों पर हमले तेज हुए हैं। पिछले दो महीनों में 10 से अधिक हिंदुओं की हत्या की खबरें सामने आई हैं, जिनमें हाल ही में मैमनसिंह में एक 62 वर्षीय हिंदू व्यापारी की हत्या भी शामिल है। यूनुस सरकार की चुप्पी के बीच, चुनाव के दिन हुई इस वारदात ने देश के अल्पसंख्यकों में सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता पैदा कर दी है।