तारिक रहमान की शपथ परसों, लेकिन क्या ढाका जाएंगे पीएम मोदी? दिल्ली की नई रणनीति
बांग्लादेश के नवनिर्वाचित प्रधानमंत्री तारिक रहमान १७ फरवरी को शपथ लेंगे। अंतरिम सरकार के प्रमुख मोहम्मद यूनुस ने इस समारोह के लिए पीएम नरेंद्र मोदी समेत १३ देशों के नेताओं को आमंत्रित किया है। हालांकि, १७ फरवरी को मुंबई में फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ द्विपक्षीय बैठक और दिल्ली में एआई (AI) समिट के कारण पीएम मोदी का जाना मुश्किल लग रहा है। भारत की ओर से विदेश मंत्री एस. जयशंकर या उपराष्ट्रपति के शामिल होने की संभावना है।
जीत के बाद अपने पहले संबोधन में तारिक रहमान ने साफ कर दिया कि उनकी विदेश नीति ‘बांग्लादेश फर्स्ट’ पर आधारित होगी। उन्होंने कहा कि वे भारत, चीन और पाकिस्तान के साथ संतुलित संबंध रखेंगे और किसी भी देश को ‘आका’ नहीं मानेंगे। बीएनपी (BNP) की इस वापसी को दक्षिण एशिया की राजनीति में एक बड़े बदलाव के रूप में देखा जा रहा है। शेख हसीना के भारत में होने और उनके खिलाफ प्रत्यर्पण की मांग के बीच तारिक रहमान का यह शपथ ग्रहण भारत-बांग्लादेश संबंधों के लिए एक महत्वपूर्ण परीक्षा साबित होगा।