पाक स्पिनर तारिक ‘सिलेबस से बाहर’ का सवाल! टॉस पर हाथ मिलाने को लेकर सूर्या का सस्पेंस, कांपेगा कोलंबो!

टी-20 वर्ल्ड कप 2026 का सबसे बड़ा मुकाबला आज भारत और पाकिस्तान के बीच होने जा रहा है। इस हाई-वोल्टेज मैच से पहले कोलंबो का तापमान बढ़ गया है। भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने स्पष्ट कर दिया है कि उनकी टीम किसी भी चुनौती के लिए तैयार है, चाहे वह पाकिस्तान के नए रहस्यमयी स्पिनर उस्मान तारिक ही क्यों न हों।

तारीक को लेकर सूर्या की रणनीति: उस्मान तारिक की गेंदबाजी शैली चर्चा का विषय बनी हुई है। सूर्या ने उन्हें “आउट ऑफ सिलेबस” प्रश्न बताते हुए कहा, “कभी-कभी परीक्षा में ऐसे सवाल आते हैं जिनके बारे में हमें पता नहीं होता, लेकिन हम उन्हें छोड़ नहीं सकते। हमें रणनीति बनाकर उनका सामना करना होगा। हमने नेट्स में कड़ी तैयारी की है और हम मैदान पर पलटवार करने के लिए तैयार हैं।” पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने भी आगाह किया है कि तारिक को कम आंकना गलती होगी।

टॉस और हैंडशेक पर सस्पेंस: टॉस के समय पाकिस्तानी कप्तान सलमान आगा से हाथ मिलाने के सवाल पर सूर्या ने बड़ी चतुराई से जवाब दिया। उन्होंने कहा, “24 घंटे रुकिए, इतनी जल्दबाजी में अटकलें क्यों लगा रहे हैं? हम यहां अच्छा क्रिकेट खेलने आए हैं। सस्पेंस को रविवार तक रहने दें। जो होगा, आप टॉस के समय देख लेंगे।” सूर्या का यह बयान दोनों देशों के बीच तनावपूर्ण लेकिन रोमांचक माहौल को और हवा दे रहा है।

टीम इंडिया की संभावित प्लेइंग-11: भारतीय टीम में अभिषेक शर्मा की वापसी लगभग तय है, जो संजू सैमसन की जगह ले सकते हैं। गेंदबाजी में अर्शदीप सिंह की जगह कुलदीप यादव या वाशिंगटन सुंदर को मौका मिल सकता है ताकि स्पिन विभाग को मजबूत किया जा सके। पाकिस्तान की टीम चार विशेषज्ञों गेंदबाजों के साथ उतरने की तैयारी में है। हालांकि पाकिस्तान पिछले 15 दिनों से श्रीलंका में अभ्यास कर रहा है, लेकिन सूर्या का मानना है कि भारतीय टीम का अनुभव उन्हें जीत दिलाने के लिए काफी है।

भारत की संभावित एकादश: ईशान किशन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, रिंकू सिंह, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *