बेंगलुरु में खौफनाक सड़क हादसा! बस से टकराई अनियंत्रित कार, ‘नाइट ड्राइव’ पर निकले 5 दोस्तों की मौत

बेंगलुरु में शनिवार की रात एक भीषण सड़क हादसे ने पांच परिवारों के चिराग बुझा दिए। मदनयकानहल्ली इलाके में एक तेज रफ्तार इंडिका कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई और फिर पलटते हुए एक बस से जा भिड़ी। इस दर्दनाक हादसे में कार सवार पांचों दोस्तों की जान चली गई है।

हादसे का मंजर: पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दुर्घटना शनिवार रात करीब 11:30 बजे जिंदल फ्लाईओवर के पास हुई। पांचों युवक कार में सवार होकर टुमाकुरु से बेंगलुरु की ओर आ रहे थे। कार की रफ्तार इतनी अधिक थी कि फ्लाईओवर के पास चालक ने नियंत्रण खो दिया। कार पहले डिवाइडर से टकराई और फिर हवा में दो बार पलटते हुए सड़क के दूसरी ओर से आ रही कर्नाटक राज्य सड़क परिवहन निगम (KSRTC) की बस से जा टकराई।

मची चीख-पुकार: टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह से पिचक गई। हादसे के वक्त बस में 42 यात्री सवार थे, गनीमत रही कि उनमें से किसी को भी चोट नहीं आई। पुलिस ने बताया कि चार दोस्तों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि चालक ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में हादसे की वजह कार की बेकाबू रफ्तार बताई जा रही है। इस घटना ने एक बार फिर हाईवे पर ‘नाइट ड्राइविंग’ के दौरान बरती जाने वाली लापरवाहियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *