IND vs PAK: पाकिस्तान के डगआउट में घुसा विशालकाय सांप! बाबर-शाहीन के खेमे में मची अफरा-तफरी
भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले टी-20 वर्ल्ड कप के महामुकाबले से पहले कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में एक अजीबोगरीब घटना घटी। मैदान पर बल्ले और गेंद की जंग शुरू होने से पहले ही पाकिस्तानी खेमे में ‘सांप’ के आने से हड़कंप मच गया। रविवार को होने वाले इस हाई-वोल्टेज मैच के लिए जब पाकिस्तानी टीम अभ्यास करने पहुंची, तो उनके डगआउट में एक बड़ा सांप देखा गया।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि पाकिस्तानी खिलाड़ियों के बैठने वाली जगह पर एक सांप रेंग रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कोलंबो में बारिश के दौरान अक्सर ऐसे सरीसृप दिखाई देते हैं। हालांकि, मैच से ठीक पहले डगआउट में सांप का निकलना खिलाड़ियों के लिए मानसिक तौर पर थोड़ा परेशान करने वाला रहा। ग्राउंड स्टाफ ने बड़ी मशक्कत के बाद सांप को प्लास्टिक के बैग में पकड़कर बाहर निकाला।
भारतीय खेमे के लिए खुशखबरी: जहां पाकिस्तान सांप की खबरों को लेकर चर्चा में है, वहीं टीम इंडिया के लिए अच्छी खबर यह है कि स्टार बल्लेबाज अभिषेक शर्मा पूरी तरह फिट हो गए हैं। अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद अभिषेक ने नेट्स पर जमकर पसीना बहाया। उन्होंने कुलदीप यादव और वरुण चक्रवर्ती जैसे स्पिनरों के खिलाफ आक्रामक शॉट्स खेले, जिससे यह संकेत मिल गया है कि वे पाकिस्तान के खिलाफ तबाही मचाने के लिए तैयार हैं।
कोलंबो में हल्की बारिश के कारण भारतीय टीम को कुछ समय इंडोर नेट्स में बिताना पड़ा, लेकिन वहां भी खिलाड़ियों का जोश कम नहीं था। विशेषज्ञों का मानना है कि अभिषेक शर्मा की वापसी से भारतीय बल्लेबाजी क्रम और भी मजबूत हो गया है, जो पाकिस्तान के उस्मान तारिक और शाहीन अफरीदी जैसे गेंदबाजों के लिए बड़ी चुनौती साबित होगा।