IND vs PAK: कोलंबो में बारिश का साया! क्या धुल जाएगा भारत-पाक महामुकाबला? मौसम विभाग का बड़ा अपडेट
क्रिकेट की दुनिया के सबसे बड़े रोमांच यानी भारत बनाम पाकिस्तान मुकाबले पर बारिश का खतरा मंडरा रहा है। रविवार को कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में होने वाले इस हाई-वोल्टेज मैच से पहले जो खबरें आ रही हैं, वे फैंस का दिल तोड़ने वाली हैं। मौसम विभाग के अनुसार, मैच के दौरान भारी बारिश की प्रबल संभावना है, जिससे खेल में बार-बार बाधा आ सकती है या मैच रद्द भी हो सकता है।
मैच से पहले ही कुदरत ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। शनिवार को भारतीय टीम का अभ्यास सत्र बारिश की वजह से पूरी तरह प्रभावित रहा। टीम इंडिया को शाम ६ बजे से रात ९ बजे तक प्रैक्टिस करनी थी, लेकिन लगातार होती बूंदाबांदी के कारण खिलाड़ियों को महज एक घंटे के भीतर ही अपना बोरिया-बिस्तर समेटना पड़ा। शनिवार की इस स्थिति ने रविवार के मैच को लेकर चिंताएं और बढ़ा दी हैं।
श्रीलंकाई मौसम विभाग के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के कारण कोलंबो में मौसम बिगड़ा हुआ है। पूर्वानुमान है कि मैच शुरू होने से ठीक पहले यानी शाम ६ से ७ बजे के बीच ७० प्रतिशत बारिश हो सकती है। एक मौसम मॉडल के अनुसार, इस दौरान ५.१ मिमी तक बारिश होने की आशंका है। हालांकि, जैसे-जैसे रात बढ़ेगी, बारिश की तीव्रता घटकर ३.८ मिमी तक आ सकती है, लेकिन रुक-रुक कर होने वाली बारिश खेल का मजा किरकिरा कर सकती है।
हालांकि, आर प्रेमदासा स्टेडियम का ड्रेनेज सिस्टम दुनिया के बेहतरीन सिस्टम्स में से एक है। यहां बारिश रुकने के कुछ ही समय बाद मैदान को खेलने लायक बनाया जा सकता है। साथ ही, बारिश के दौरान पूरे मैदान को कवर से ढका जाता है, जिससे आउटफील्ड गीली होने का खतरा कम रहता है।
अगर बारिश के कारण मैच संभव नहीं हो पाता है, तो नियमों के मुताबिक भारत और पाकिस्तान दोनों टीमों को १-१ अंक दिया जाएगा। ऐसी स्थिति में दोनों टीमें ५-५ अंकों के साथ आधिकारिक तौर पर सुपर-8 में अपनी जगह पक्की कर लेंगी। अब करोड़ों क्रिकेट प्रेमियों की नजरें आसमान की ओर हैं, वे बस यही दुआ कर रहे हैं कि इंद्र देव शांत रहें और उन्हें पूरा मैच देखने को मिले।