बंगाल में खिलेगा कमल? सर्वे रिपोर्ट में BJP को 135-150 सीटें, ममता के गढ़ में बड़ी सेंधमारी की तैयारी!
पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव का बिगुल बजने से पहले ही एक सनसनीखेज सर्वे रिपोर्ट ने सियासी गलियारों में हलचल पैदा कर दी है। सूत्रों के मुताबिक, बीजेपी द्वारा कराए गए आंतरिक सर्वे में यह दावा किया गया है कि आगामी चुनाव में भगवा दल 135 से 150 सीटें जीत सकता है। बंगाल की 294 सीटों वाली विधानसभा में बहुमत का आंकड़ा 148 है, और सर्वे की मानें तो बीजेपी इस बार सत्ता के बेहद करीब पहुंच रही है।
चुनाव आयोग के सूत्रों के अनुसार, 28 फरवरी को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होने के बाद कभी भी चुनाव की तारीखों का एलान हो सकता है। इससे ठीक पहले आई यह रिपोर्ट बीजेपी कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह भर रही है। बताया जा रहा है कि पिछले 5-6 महीनों के दौरान दार्जिलिंग से लेकर दीघा तक घर-घर जाकर यह डेटा जुटाया गया है। हालांकि, बीजेपी के बड़े नेता अभी इस पर खुलकर बोलने से बच रहे हैं, क्योंकि 2021 के विधानसभा और 2024 के लोकसभा चुनावों में भी ऐसे ही दावों के बाद परिणाम उम्मीद के मुताबिक नहीं रहे थे।
इस बार समीकरण कुछ अलग नजर आ रहे हैं। टीएमसी के निलंबित विधायक हुमायूं कबीर ने पहले ही बीजेपी को गठबंधन का संकेत दिया है। जानकारों का मानना है कि हुमायूं कबीर और नौशाद सिद्दीकी जैसे चेहरों के कारण अगर सत्ताधारी दल का अल्पसंख्यक वोट बैंक बंटता है, तो इसका सीधा फायदा बीजेपी को मिलेगा। 2021 में बीजेपी ने 77 सीटें जीती थीं, लेकिन बाद में मुकुल रॉय जैसे कई विधायकों ने पाला बदल लिया था। अब सवाल यह है कि क्या यह सर्वे वास्तव में धरातल पर उतरेगा या एक बार फिर ममता बनर्जी का ‘खेला’ बीजेपी के सपनों पर पानी फेर देगा? फिलहाल, इस रिपोर्ट ने बंगाल की राजनीति में एक नया रोमांच पैदा कर दिया है।