वेलेंटाइन डे पर खूनी खेल! प्रेमिका को गोली मारकर प्रेमी ने खुद को उड़ाया, नोएडा में मचा हड़कंप

वेलेंटाइन डे, जिसे प्यार का दिन कहा जाता है, नोएडा के सेक्टर ३९ इलाके में मातम में बदल गया। पुलिस ने एक बंद गाड़ी के अंदर से एक युवक और एक युवती का खून से लथपथ शव बरामद किया है। मृतकों की पहचान सुमित (निवासी दिल्ली) और रेखा (निवासी नोएडा) के रूप में हुई है। पुलिस को मौके से एक पिस्तौल और कारतूस मिले हैं। शुरुआती जांच में यह मामला प्रेम प्रसंग में की गई आत्महत्या का लग रहा है, लेकिन एक व्हाट्सएप चैट ने पूरी कहानी बदल दी है।

पुलिस के हाथ लगा सुमित का आखिरी व्हाट्सएप मैसेज काफी चौंकाने वाला है। सुमित ने लिखा था, “मैं खुदकुशी करने जा रहा हूं। रेखा ने मुझे धोखा दिया है, १५ साल के रिश्ते के बाद अब वह किसी और से शादी करने जा रही है।” सुमित के परिजनों का आरोप है कि रेखा ने उसे शादी का झांसा दिया था। हालांकि, सुमित का परिवार इस पूरी घटना को ‘मर्डर’ बता रहा है। उनका दावा है कि रेखा के परिवार वाले जातिवाद के कारण इस रिश्ते के खिलाफ थे और सुमित को अंतरराष्ट्रीय नंबरों से धमकियां मिल रही थीं।

संदेह का घेरा इसलिए भी गहरा गया है क्योंकि कार रेखा के गांव से महज कुछ ही मीटर की दूरी पर मिली। सुमित के परिजनों का कहना है कि सुमित कभी रेखा की जान नहीं ले सकता था, यह ऑनर किलिंग का मामला हो सकता है। पुलिस फिलहाल गाड़ी को फॉरेंसिक जांच के लिए ले गई है और दोनों के मोबाइल कॉल रिकॉर्ड्स खंगाले जा रहे हैं। क्या यह वाकई प्यार में मिला धोखा था या जाति की दीवार ने दो जिंदगियों को लील लिया, इसकी जांच अब नोएडा पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बन गई है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *